The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

अमृतसर से पकड़ा गया बिलासपुर में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी, सकरी पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई

Views: 85
Spread the love
Read Time:4 Minute, 9 Second

बिलासपुर पुलिस की पंजाब तक दबिश, 11.73 ग्राम हेरोइन के मामले की जांच में खुला अंतरराज्यीय नेटवर्क; एंड-टू-एंड विवेचना से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस

बिलासपुर। बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब अंतरराज्यीय नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सकरी थाना क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस की टीम पंजाब के अमृतसर पहुंची और कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ACCU बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। उसके खिलाफ थाना सकरी में NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

 

उसलापुर में पकड़े गए आरोपी से मिला था सुराग

इस पूरे मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब बिलासपुर पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32 वर्ष), निवासी अमृतसर, हाल मुकाम उसलापुर, बिलासपुर को पकड़ा था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई थी, और 10,500 रुपये नकद जब्त किए गए थे।

इस मामले में थाना सकरी में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू के कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली।

 

बिलासपुर से पंजाब तक पहुंची पुलिस की टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ACCU बिलासपुर और थाना सकरी की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से अमृतसर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

अब पूरे नेटवर्क की जांच पर पुलिस का फोकस

इस कार्रवाई को बिलासपुर में सक्रिय नशे के नेटवर्क की सप्लाई चेन तक पहुंचने की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना की जाएगी, ताकि सप्लाई करने वालों से लेकर स्थानीय स्तर पर नशा खपाने वालों तक पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

 

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, ASI सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा ACCU के आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की सराहनीय भूमिका रही।

 

The YUVA WORLD News 

पहुंच दूर तक, खबरें आप तक।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed