स्मंवास्थ्य त्री व मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल के अथक प्रयासों से धरातल पर उतरी विकास की बड़ी योजना, भरतपुर, खड़गवां और मनेंद्रगढ़ ब्लॉकों को मिलेगा सीधा लाभ
मनेन्द्रगढ़ । एमसीबी जिले के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 23 नवंबर 2026 को जारी स्वीकृति आदेश के तहत कुल 81 वृहद पुलों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है, जिनकी कुल लागत 27087.81 लाख रुपये (लगभग ₹270.88 करोड़) है। यह बड़ी सौगात प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्यामबिहारी जायसवाल के अथक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में अविभाजित/कोरिया के तहत दर्ज इन क्षेत्रों के विकास को अब एमसीबी जिले की पहचान के साथ नई गति मिल रही है। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए इसे डबल इंजन सरकार की सौगात बताया है।
*आदेश की मुख्य झलकियां: 4,496.80 मीटर लंबाई के 81 पुल*
पंचायत एवं ग्रामीण विकास अनुभाग के स्वीकृति आदेश (दिनांक 23.11.2026) के अनुसार, इन सभी पुलों का निर्माण पीएमजनमन योजना के तहत किया जाएगा:
– कुल स्वीकृत पुल: 81 वृहद पुल (अनुक्रमांक 1 से 81 / ओवर अनुक्रमांक 37 से 117)
– कुल प्रस्तावित लंबाई: 4,496.80 मीटर
– निर्माण लागत: 26,445.00 लाख रुपये
– रखरखाव (मेंटेनेंस) लागत: 642.81 लाख रुपये
– कुल स्वीकृत राशि: 27,087.81 लाख रुपये
*ब्लॉकवार वितरण: किस क्षेत्र में कितने पुल?*
स्वीकृत सूची के मुताबिक, ये वृहद पुल जिले के तीन प्रमुख ब्लॉकों—भरतपुर, खड़गवां और मनेंद्रगढ़—में बनाए जाएंगे, जिससे दूरस्थ वनांचल और ग्रामीण मार्गों पर बारहमासी आवागमन सुगम होगा:
भरतपुर ब्लॉक: कुल 54 पुल
प्रमुख संपर्क मार्ग: आरा-तोजा, कुंवारपुर-गंजर, हर्रई-पटेराटोला, आवासपरा भगवानपुर-बहिडोल (375 मी.), बेनीपुरा-पतपरपरा (180 मी.), नेउर नदी, रापा नदी आदि।
खड़गवां ब्लॉक: कुल 8 पुल
प्रमुख संपर्क मार्ग: करवां, परसामुड़ा-गंजरपरा, मुगुम-करमीपारा, करवां-कोडांगी, रतनपुर मुख्य मार्ग-बैगापारा, सितगापारा-बेलबहरा, बरमोरा नाला आदि।
मनेंद्रगढ़ ब्लॉक: कुल 19 पुल
प्रमुख संपर्क मार्ग: मौहरीडांड-सजापहाड़, कोडा-बांजी वनग्रामपारा, अटल चौक पसोरी-एमपी बॉर्डर, भलोर साल्ही-मइरटोला, लेदरी नारायणपुर-चटनिहापारा, बरपानी मार्ग आदि।
*ग्रामीण कनेक्टिविटी और विकास को नई उड़ान*
स्वीकृति आदेश में शामिल कई पुल 60 मीटर से लेकर 100 मीटर, 120 मीटर, 140 मीटर, 180 मीटर और 375 मीटर तक की लंबाई के हैं। बरसात के दिनों में नदी-नालों और उफनते जलस्रोतों के कारण जिन ग्रामीण व वनवासी क्षेत्रों का संपर्क टूट जाता था, वहां इन उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण से आवागमन आसान होगा। साथ ही पीएमजीएसवाई और पीडब्ल्यूडी सड़कों के बीच बेहतर जुड़ाव स्थापित होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और प्रशासनिक सेवाओं तक लोगों की पहुंच तेज होगी।
डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता
क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर सक्रिय स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि वे जिले के हर हिस्से को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इस बड़ी स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में एमसीबी क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति और मजबूती मिल रही है।






Average Rating
More Stories
बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की मांग नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने नगर पालिका प्रशासन से आम नागरिकों को राहत देने की अपील
खड़गवां को बड़ी सौगात: पेण्ड्री से बेलकामार सड़क-पुल के लिए 7.24 करोड़ की मंजूरी, स्वास्थ्य मंत्री व विधायक श्यामबिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों से एमसीबी जिले में कनेक्टिविटी की नई इबारत
एमसीबी बना एचआईवी संक्रमण के खिलाफ जंग में छत्तीसगढ़ का पहला सुरक्षित जिला, मनेंद्रगढ़ में मना राज्यस्तरीय विश्व एड्स दिवस