बिलासपुर में विवाहेत्तर प्रेम संबंध बना हत्या का कारण, पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या, पति और नाबालिग गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की हत्या का कारण बन गया। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी पति और एक विधि से संघर्षरत बालक को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर अभिरक्षा में लेकर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दावेन्द्र कुमार बघेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम राम्हेपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। मामले में शिव कामले (49 वर्ष) और उसके पुत्र, जो विधि से संघर्षरत बालक है, को आरोपी बनाया गया है।
भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट, घर के कमरे में मिला शव
मृतक के बड़े भाई जितेन्द्र कुमार बघेल ने सकरी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई दावेन्द्र 30 मई की सुबह मोटरसाइकिल से घर से निकला था। दोपहर में रिश्तेदार से सूचना मिली कि ग्राम सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली रीना कामले ने बताया है कि दावेन्द्र को उसके पति और बेटे ने घर में बंद कर रखा है तथा मारपीट कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। घर के पीछे की खिड़की से अंदर जाकर देखा गया तो ऊपर के कमरे में दावेन्द्र बघेल मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 496/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पत्नी और मृतक के बीच था प्रेम संबंध
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिव कामले सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम के एक मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत है। उसकी पत्नी रीना कामले और मृतक दावेन्द्र बघेल के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे।
बताया गया कि एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान दोनों की पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। लगभग एक माह पहले आरोपी पति को इस संबंध की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसने पत्नी को मृतक से दूर रहने की चेतावनी दी और उसका मोबाइल सिम भी तोड़ दिया था।
सिम देने आया था प्रेमी, घर में बुलाकर की हत्या
जांच में खुलासा हुआ कि 30 मई को दावेन्द्र बघेल रीना कामले को नया सिम कार्ड देने सैदा स्थित मकान पहुंचा था। इस दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। आरोपी ने अपने पुत्र के माध्यम से उसे घर के अंदर बुलाया और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह संबंध खत्म करने के लिए तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद आरोपी शिव कामले और उसके पुत्र ने मिलकर दावेन्द्र के साथ मारपीट की। फिर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल चार्जर के केबल तार से उसका गला घोंट दिया। आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कामले और विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस गंभीर हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने में थाना सकरी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।
The YUVA WORLD News
छत्तीसगढ़ की ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहें।








Average Rating
More Stories
Bilaspur News : 183 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब, मस्तूरी में भक्ति और उत्साह का माहौल
Bilaspur News: नए थाना प्रभारी के आते ही सख्त हुई सकरी पुलिसिंग, ऑपरेशन बॉज के तहत एक ही दिन में 6 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
Bilaspur News: सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट घेराव में शामिल हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास, वोट चोरी से लेकर BJP महिला मोर्चा के कथित हंगामे तक उठाए मुद्दे