Bilaspur News: कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बिलासपुर, 8 सितम्बर 2026। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में नागरिकों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी एवं सुश्री ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मल्टी एक्टिविटी सेंटर में ट्रांसफार्मर की मांग
जनदर्शन में मल्टी एक्टिविटी सेंटर नारी शक्ति समिति गनियारी की अध्यक्ष श्रीमती रागिनी पाण्डेय ने सेंटर का ट्रांसफार्मर जल जाने की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण मशीनी उपकरण संचालित नहीं हो पा रहे हैं और प्राप्त ऑर्डर समय पर पूरा करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की।
स्कूल भवन, पुलिया और कृषि से जुड़ी शिकायतें
कोटा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भेलवापारा के प्रधान पाठक एवं ग्रामीणों ने स्कूल भवन की मरम्मत की मांग रखी। वहीं ग्राम पंचायत धूमा के किसानों ने पैठू तालाब के पास मुख्य नहर में पुलिया निर्माण की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया नहीं होने से आवागमन के साथ कृषि कार्यों के लिए खाद-बीज लाने-ले जाने में परेशानी होती है।
बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र के रविशंकर शर्मा ने ग्राम देवकीरारी स्थित कृषि भूमि में इस्तेमाल किए गए यूरिया खाद की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। उनका कहना था कि दुकान से खरीदे गए यूरिया के इस्तेमाल के बाद अपेक्षित लाभ नहीं मिला और नुकसान होने की शिकायत है। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए।
सीमांकन और भूमि मुआवजे की मांग
कुदुदंड निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी ने सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के आदेश के बावजूद लंबे समय से सीमांकन नहीं हो पाया है। उन्होंने शीघ्र सीमांकन कराने की मांग की।
सकरी क्षेत्र के दरसराम पनिक ने NHAI द्वारा सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित निजी भूमि के मुआवजे की मांग रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी निजी भूमि का सड़क निर्माण में उपयोग किया गया है और उचित मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया।
तालाब में डूबने से मृत्यु और पेंशन की समस्या भी पहुंची जनदर्शन में
ग्राम सकर्रा निवासी श्रीमती जानकी शर्मा ने तालाब में डूबने से अपने 43 वर्षीय पुत्र की मृत्यु के मामले में राज्य आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।
वहीं टिकरापारा निवासी ओमप्रकाश सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बंद हुई निराश्रित पेंशन को दोबारा शुरू कराने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि दिव्यांगता के कारण उन्हें चलने-फिरने और काम करने में कठिनाई होती है। करीब 8-9 माह से पेंशन का भुगतान बंद होने के कारण उन्होंने नियमित पेंशन बहाल कराने की मांग की।
कलेक्टर ने दिए समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
THE YUVA WORLD News से जुड़े स्थानीय और जिला प्रशासन से संबंधित समाचारों के लिए जुड़े रहें।










Average Rating
More Stories
Bilaspur News: 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ 2 गिरफ्तार, कार और 3 मोबाइल जब्त; 2 फरार
Bilaspur News: बिहान से बदली ज्योति की जिंदगी, मुर्गी-बत्तख पालन से सालाना 3 लाख की आय
LPG Booking Rules में बड़ा बदलाव, ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत; अब इतने दिन में बुक होगा सिलेंडर