कोरिया। कोरिया जिले में स्कूली शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बुधवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगर, स्वामी आत्मानंद विद्यालय चरचा एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय महलपारा का भ्रमण किया। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, अध्यापन कार्यों की स्थिति तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक पेपर क्राफ्ट प्रदर्शनी ने जिला शिक्षा अधिकारी का विशेष ध्यान खींचा। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उनकी कलात्मक प्रतिभा को देखकर उन्होंने सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य महज पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने और उनमें व्यवहारिक दक्षता विकसित करने का भी होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक तैयारी और समझ को परखा। इसके साथ ही स्वयं अध्यापन कर विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और कहा कि सफलता प्राप्त करने का कोई आसान रास्ता नहीं है। निरंतर मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और समय का सदुपयोग ही बेहतर परिणाम की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से अध्ययन करने तथा कठिन विषयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षकों का सहयोग लेने की प्रेरणा दी। जिला शिक्षा अधिकारी के इस मार्गदर्शन और संवाद से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।






Average Rating
More Stories
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 2 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार…
छोटी दिवाली पर कर्मचारियों को मिला आवास का तोहफा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया जे.ए.डी. कर्मचारी आवास का लोकार्पण…
Bilaspur : धनतेरस पर विधायक धरमलाल कौशिक के निवास में गूंजे सुआ गीत, युवतियों और महिलाओं ने दी पारंपरिक प्रस्तुति