शिक्षा और आस्था का संगम: नर्सिंग कॉलेज की रखी नींव, तीर्थयात्रियों को दिखाई हरी झंडी
एमसीबी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मनेंद्रगढ़ को एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में 8 करोड़ 68 लाख 35 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस संस्थान के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं और युवतियों को नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
नर्सिंग कॉलेज के निर्माण को क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार और करियर के नए अवसर भी विकसित होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिला एमसीबी के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा पर रवाना करने का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं की अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरमंदिर साहिब एवं वैष्णो माता मंदिर की तीर्थयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों की धार्मिक आस्था को सम्मान देते हुए उन्हें तीर्थयात्रा की सुविधा प्रदान करना है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से स्वयं तीर्थस्थलों की यात्रा करने में असमर्थ होते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार की दो महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं सामने आईं। एक ओर नर्सिंग कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थान के जरिए युवाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें तीर्थयात्रा का अवसर प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला एमसीबी अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






Average Rating
More Stories
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 2 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार…
स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर DEO की पैनी नजर, निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को दिए बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के टिप्स