The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

हल्दीबाड़ी पेट्रोल पंप में शराब के नशे में चार युवकों का हंगामा, आधे घंटे तक मचाते रहे उत्पात, कर्मचारी से की गाली-गलौज; स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश, बोले- पुलिस की निष्क्रियता विधानसभा में बर्दाश्त नहीं होगी

Views: 38
Spread the love
Read Time:6 Minute, 16 Second

चिरमिरी। शहर के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में चार युवकों द्वारा पेट्रोल पंप में जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। इको कार में सवार होकर पहुंचे युवकों ने पेट्रोल भराने के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारी से बेवजह विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और चारों युवक करीब आधे घंटे तक पेट्रोल पंप परिसर में उत्पात मचाते रहे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज भी की।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना चिरमिरी के हल्दीबाड़ी स्थित स्वाद रेस्टोरेंट के समीप संचालित इंडियन पेट्रोल पंप की है। बताया जा रहा है कि देर रात इको कार में सवार होकर चार युवक पेट्रोल भराने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पेट्रोल भरने वाले कर्मचारी से उनकी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि चारों युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए काफी देर तक हंगामा किया। सार्वजनिक स्थान पर हुए इस घटनाक्रम से पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने अख्तियार किए कड़े तेवर, पुलिस को दो टूक निर्देश

हल्दीबाड़ी पेट्रोल पंप में हुई इस घटना को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उत्पाती युवक खुलेआम कानून-व्यवस्था की खिल्ली उड़ा रहे हैं, तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसका मतलब है कि पुलिस अपना काम पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से नहीं कर रही है।

उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस की इस तरह की निष्क्रियता विधानसभा में बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों की धरपकड़ में लेटलतीफी और कानून के परिपालन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए और पुलिस को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करना होगा।

पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

घटना के संबंध में चिरमिरी पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की पहचान जानने के लिए थाना प्रभारी से तीन से चार बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका। इसके चलते अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस ने चारों युवकों की पहचान कर ली है या नहीं। साथ ही घटना के संबंध में कोई शिकायत दर्ज हुई है अथवा पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की है, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

यह भी जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ किन धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात हुई इस घटना की सूचना पुलिस तक पहुंचा दी गई थी। ऐसे में पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, पुलिस की जवाबदेही पर सवाल

पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थान पर देर रात शराब के नशे में युवकों द्वारा इस तरह हंगामा करना कानून-व्यवस्था के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं और वहां ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण सुरक्षा व्यवस्था का विशेष महत्व होता है। ऐसे स्थान पर आधे घंटे तक विवाद और गाली-गलौज की घटना किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती थी।

इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री के कड़े तेवर के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। देखना होगा कि पुलिस कब तक चारों युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ती है और उनके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई करती है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई का इंतजार है।

देबाशीष गांगुली ( ब्यूरो प्रमुख सरगुजा संभाग )

The YWN News पोर्टल Digital भारत का सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट्स पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ.. 6262580560

You may have missed