The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

किसानों को मिली बड़ी सौगात, कदरेवा और उधनापुर में नवीन धान खरीदी केंद्र का लोकार्पण, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ, अब किसानों को धान बेचने के लिए नहीं तय करनी होगी लंबी दूरी; समय और पैसे की होगी बचत

Views: 30
Spread the love
Read Time:4 Minute, 56 Second

खड़गवां (एमसीबी)। किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए ग्राम कदरेवा में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों से आज ग्राम कदरेवा और उधनापुर, विकासखंड खड़गवां, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में नवीन धान खरीदी केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह और खुशी का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के किसानों द्वारा लंबे समय से कदरेवा में धान खरीदी केंद्र प्रारंभ करने की मांग की जा रही थी। किसानों की इस आवश्यकता को देखते हुए शासन स्तर पर पहल की गई और करीब दो से तीन सप्ताह पूर्व ही नवीन धान खरीदी केंद्र को स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति मिलने के तत्काल बाद स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उधनापुर और कदरेवा में प्रस्तावित नवीन धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में आज कदरेवा और उधनापुर में विधिवत लोकार्पण के साथ धान खरीदी केंद्र की शुरुआत कर दी गई।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य के साथ खड़गवां जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कदरेवा और ग्राम पंचायत उधनापुर में आज से नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवीन खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा उन्हें धान विक्रय में काफी सहूलियत मिलेगी।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि खेती-किसानी के कार्यों में उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। किसानों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब कदरेवा और उधनापुर सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल परिवहन खर्च में कमी आएगी, बल्कि समय की भी बचत होगी। किसानों ने नवीन धान खरीदी केंद्र की सौगात मिलने पर शासन एवं स्थानीय विधायक के प्रति आभार जताया।

इस प्रकार कदरेवा और उधनापुर में नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ क्षेत्र में कृषि सुविधाओं के विस्तार और किसानों को उनकी उपज के विक्रय में सहूलियत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होने जा रहा है।

देबाशीष गांगुली ( ब्यूरो प्रमुख सरगुजा संभाग )

The YWN News पोर्टल Digital भारत का सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट्स पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ.. 6262580560

You may have missed