The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

विश्व मधुमेह दिवस पर जिले के तीनों विकासखंडों में जागरूकता अभियान, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से दिया गया समय पर जांच एवं मधुमेह से बचाव का संदेश

Views: 2795
Spread the love
Read Time:6 Minute, 18 Second

एमसीबी। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले के तीनों विकासखंडों मनेन्द्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मधुमेह संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं समुदाय को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, समय पर जांच, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन एवं जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनपी-एनसीडी) के अंतर्गत संचालित किया गया। अभियान में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल एवं सहायक नोडल अधिकारी (एनसीडी) अवनीश पाण्डे का सहयोग रहा। जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा विद्यालयों तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

इसी क्रम में विकासखंड भरतपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान के अंतर्गत आने वाले विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को टाइप-1 तथा टाइप-2 मधुमेह के बीच अंतर, मधुमेह होने के कारणों, प्रमुख लक्षणों, संभावित जटिलताओं, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मधुमेह की समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों सहित कुल 70 लोगों ने सहभागिता की।

बात करे विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिरौली द्वारा ग्राम सिरौली में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों को मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित रक्त शर्करा जांच, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में बताया गया। जागरूकता संदेशों के प्रदर्शन के माध्यम से ग्रामीणों को मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कुल 8 लोगों ने भाग लिया।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान बताया गया कि बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, भूख बढ़ना, बिना कारण वजन कम होना, थकान एवं धुंधला दिखाई देना मधुमेह के संभावित लक्षण हो सकते हैं। विशेष रूप से बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल रक्त शर्करा की जांच कराना आवश्यक है, क्योंकि टाइप-1 मधुमेह में समय पर पहचान एवं इंसुलिन उपचार जीवनरक्षक हो सकता है। वहीं टाइप-2 मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वजन बनाए रखना एवं निर्धारित उपचार का पालन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आगामी 16 से 20 नवम्बर 2026 तक मधुमेह सप्ताह के अंतर्गत जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष मधुमेह जांच, स्क्रीनिंग एवं आवश्यक दवाओं के वितरण की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा समस्त आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में पहुंचकर मधुमेह की जांच अवश्य कराएं तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क उपचार एवं दवाओं का लाभ उठाएं।

जिला एनसीडी सेल द्वारा इस अवसर पर आम नागरिकों से अपील की गई कि मधुमेह के लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा जोखिम वाले व्यक्ति एवं 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं। मधुमेह से पीड़ित व्यक्ति चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार एवं नियमित फॉलोअप जारी रखें। साथ ही बच्चों में मधुमेह के लक्षण दिखाई देने अथवा पूर्व से टाइप-1 मधुमेह होने पर प्रत्येक बुधवार को जिला चिकित्सालय चिरमिरी में संचालित टाइप-1 डायबिटीज क्लिनिक में निःशुल्क परामर्श एवं पंजीयन का लाभ उठाएं।

स्वास्थ्य विभाग ने संदेश दिया कि मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से इसकी जटिलताओं को कम कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जिया जा सकता है।

देबाशीष गांगुली ( ब्यूरो प्रमुख सरगुजा संभाग )

The YWN News पोर्टल Digital भारत का सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट्स पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ.. 6262580560

You may have missed