पुष्पराज साहू बोले—जानकारी के अभाव में किसी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद नहीं होने देंगे
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा के आवेदन से वंचित रह गए स्वाध्यायी विद्यार्थियों को एक और अवसर देने की मांग को लेकर NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर स्वाध्यायी विद्यार्थियों के आवेदन फॉर्म दोबारा 7 दिनों के लिए खोलने की मांग की है।
NSUI जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह के मार्गदर्शन में छात्रनेता पुष्पराज साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि कई स्वाध्यायी विद्यार्थी जानकारी के अभाव और आवेदन प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति के कारण निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर सके। ऐसे विद्यार्थियों को राहत देते हुए आवेदन के लिए सात दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।
इस दौरान छात्रनेता पुष्पराज साहू ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया एक साथ शुरू किए जाने के कारण कई विद्यार्थी भ्रमित रहे। प्रारंभिक सेमेस्टर में दोनों वर्गों की प्रवेश परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया साथ संचालित होने से अनेक स्वाध्यायी विद्यार्थियों को समय पर यह जानकारी नहीं मिल सकी कि उनके लिए भी आवेदन शुरू हो चुके हैं।
पुष्पराज साहू ने कहा, “विद्यार्थियों की जानकारी के अभाव को उनकी गलती मानकर उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद करना उचित नहीं है। NSUI विद्यार्थियों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करेगी। किसी भी विद्यार्थी का नामांकन और परीक्षा फॉर्म नहीं रुकना चाहिए। हम किसी भी विद्यार्थी का साल बर्बाद नहीं होने देंगे।”
वहीं NSUI जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रक्रियागत भ्रम या जानकारी के अभाव में किसी भी विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित न हो। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अवसर देना है, न कि उन्हें अवसरों से वंचित करना। उन्होंने प्रशासन से छात्रहित में संवेदनशीलता दिखाते हुए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग की।
NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि स्वाध्यायी विद्यार्थियों को राहत देते हुए आवेदन फॉर्म भरने के लिए सात दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाए, ताकि आवेदन से वंचित विद्यार्थी भी आगामी शैक्षणिक प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रनेता पुष्पराज साहू के साथ करण यादव, राजा खान, आशीष यादव, मनेंद्र अनंत, शेख सलमान, राहुल यादव और अनुज वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।








Average Rating
More Stories
जगराता केवल धार्मिक आयोजन नहीं, सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक : त्रिलोक चंद्र श्रीवास
विश्व मधुमेह दिवस पर जिले के तीनों विकासखंडों में जागरूकता अभियान, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से दिया गया समय पर जांच एवं मधुमेह से बचाव का संदेश
मरीजों की सुविधा के लिए मनेंद्रगढ़ शासकीय अस्पताल की एक और पहल, ठंड बढ़ने से पहले गर्म पानी की व्यवस्था