The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में भव्य वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण | Bilaspur News

Views: 786
Spread the love
Read Time:5 Minute, 15 Second

स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय स्कूल में भव्य वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

बिलासपुर | The YUVA WORLD News

स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी ने की, जबकि नगर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं पुष्पहार से किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, शाला विकास समिति की अध्यक्षा प्रियंका मौर्य एवं पार्षद बंधु मौर्य रहे।

विद्यालय की उपलब्धियों का किया गया प्रस्तुतीकरण

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्राचार्या प्रज्ञा गोपाल ने स्वागत उद्बोधन एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद व्याख्याता राजेंद्र श्रीवास्तव ने विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शाला नायिका माधुरी श्रीवास द्वारा मांग पत्र का वाचन किया गया, जिसे मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने सहर्ष स्वीकार करते हुए विधायक निधि से पूर्ण करने की घोषणा की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। हाई स्कूल की छात्राओं ने स्वागत नृत्य से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात मिडिल स्कूल की छात्रा पीहू एवं समूह द्वारा छत्तीसगढ़ी आदिवासी नृत्य, हाई स्कूल की छात्रा लक्ष्मी भोई एवं समूह द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। एनसीसी की छात्राओं की प्रस्तुति के बाद मिडिल स्कूल की छात्रा वैष्णवी सोनी ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

प्रतिभाशाली छात्राओं को किया गया सम्मानित

सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मिडिल स्कूल से मोनिका लहरे एवं हाई स्कूल से स्वाति देवांगन को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के खिताब से नवाजा गया। वहीं मिडिल स्कूल की शाला नायिका नीलू देवांगन को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

प्रत्येक कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को विशिष्ट अतिथियों योगेश बोले, राकेश सचदेव, गोवर्धन दास मानिकपुरी, शैली चौरसिया, विजय रजक एवं शारदा निर्मलकर द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षक सम्मान

विद्यालय के शिक्षक अवधेश विमल को IISER पुणे में आयोजित विज्ञान आविष्कार कार्यशाला में बिलासपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करने हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रद्धा आनंद एवं ममता दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक रमेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed