The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Bilaspur News : कोनी में शुरू हुआ दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला, पहले दिन 200 से अधिक युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

Views: 2680
Spread the love
Read Time:4 Minute, 48 Second



कोनी में शुरू हुआ दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला, पहले दिन 200 से अधिक युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

आयुक्त सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने युवाओं से किया संवाद, आईटीआई में नए रोजगारमूलक ट्रेड शुरू करने के निर्देश

बिलासपुर, 12 फरवरी 2026। राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मॉडल आईटीआई कोनी में 12 एवं 13 फरवरी 2026 को दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इस रोजगार मेले में 26 निजी कंपनियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

संभाग आयुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने रोजगार मेले में युवाओं से संवाद किया और नियोक्ता कंपनियों से चर्चा की। इस दौरान प्रतीक स्वरूप चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। अधिकारियों ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण भी किया।

पुराने ट्रेड बंद कर नई तकनीक आधारित कोर्स शुरू करने के निर्देश

मॉडल आईटीआई कोनी में आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले के दौरान अधिकारियों ने नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किए जाने पर जोर दिया। साथ ही आईटीआई के संयुक्त संचालक ए.के. सोनी को निजी कंपनियों के साथ एमओयू करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षण और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

संभाग आयुक्त ने आईटीआई प्रबंधन को पुराने ट्रेड बंद कर नए प्रचलित और रोजगारमूलक ट्रेड शुरू करने के निर्देश दिए, जिससे युवाओं को रोजगार आसानी से उपलब्ध हो सके।

1300 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन, 207 का अंतिम चयन

संभाग के सभी जिलों से लगभग 1300 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 800 से अधिक युवा रोजगार मेले में शामिल हुए। पहले दिन 329 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 207 युवाओं का अंतिम चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया।

चयनित युवाओं राजकुमार पटेल और अभिषेक बंजारे को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। दोनों का चयन कोरबा की एक कंपनी में टेक्नीशियन पद के लिए हुआ है, जहां उन्हें 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। युवाओं ने खुशी जाहिर करते हुए रोजगार मेले के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

13 फरवरी को भी होगी भर्ती प्रक्रिया

रोजगार मेले में वित्त, कृषि, प्रबंधन, मेडिकल एवं फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल उद्योग, सर्विस टेक्निकल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, ऑटोमोबाइल एवं ज्वेलरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 4000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया 13 फरवरी को भी जारी रहेगी।

कार्यक्रम में अमरचंद पहारे (डिप्टी डायरेक्टर, प्रवर्तन कक्ष, रोजगार), पी.एस. तिग्गा (डिप्टी डायरेक्टर, जिला रोजगार कार्यालय), संभाग के विभिन्न जिलों के रोजगार अधिकारी, आदर्श आईटीआई कोनी एवं लाइवलीहुड कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

— रिपोर्ट: The YUVA WORLD News

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed