बिलासपुर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशे में वाहन चलाने पर 450+ चालान, बिना हेलमेट 1300+ पर सख्ती
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक वाहन चालकों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से अधिक लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा जनवरी माह से अब तक की गई कार्रवाई में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय भेजा गया, जहां उन पर भारी जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूला गया।
इसके अतिरिक्त, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से 7500 से अधिक मामलों में ऑनलाइन चालान जारी किए गए हैं, जिनमें तेज रफ्तार, सीट बेल्ट न पहनना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और गलत नंबर प्लेट जैसे उल्लंघन शामिल हैं।
शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक अधिक दुर्घटनाएं
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष अभियान चलाकर चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
पुलिस का मानना है कि तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, नशे में ड्राइविंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने से हादसों में जान गंवाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन अवश्य करें। हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सुरक्षित गति से वाहन चलाकर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें।
— The YUVA WORLD News








Average Rating
More Stories
Bilaspur News: अमर अग्रवाल के प्रस्तावों से 5.36 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी गति, शिक्षा-पेयजल सुविधाओं पर जोर
Bilaspur News: त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने सहयोगियों संग कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत का किया स्वागत
Raigarh News: सोनू अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की जिला युवा इकाई का अध्यक्ष…. प्रतीक अग्रवाल को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी..