The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

बिलासपुर : होली के दिन चाकूबाजी से युवक गंभीर, परिजनों ने कराया FIR दर्ज पर थाना प्रभारी बोले – “घटना की जानकारी नहीं”

Views: 2691
Spread the love
Read Time:5 Minute, 10 Second

बिलासपुर : होली के दिन चाकूबाजी से युवक गंभीर, FIR दर्ज पर TI बोले – “घटना की जानकारी नहीं”

बिलासपुर। जिले में जहां एक ओर होली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, वहीं दूसरी ओर सकरी थाना क्षेत्र में होली के दिन हुई चाकूबाजी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिलेभर में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जिसका असर भी देखने को मिला और शांतिपूर्ण तरीके से होली का पर्व पूरे जिले वासियों ने मनाया, लेकिन इसी बीच सकरी थाना क्षेत्र में हुई हिंसक घटना चर्चा का विषय बना हुआ है

11-12 युवकों ने किया हमला

विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमेरी नाली, सतनाम चौक के पास करीब 11 से 12 युवकों ने मिलकर एक 19 वर्षीय युवक पर रॉड, डंडे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल युवक का इलाज सिम्स में जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

अस्पताल से सामने आया वीडियो

घायल युवक का अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घटना की जानकारी देता नजर आ रहा है। युवक के अनुसार आरोपियों ने रॉड और डंडे से उसके सीने और सिर पर वार किया, जबकि उसकी पीठ पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट

घायल युवक के परिजनों ने सकरी थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पीड़ित युवक अपने दोस्त के साथ होली खेलने अमेरी गया था। इसी दौरान आरोपियों ने पैसे की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए युवक के दोस्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

TI ने कहा – घटना की जानकारी नहीं

इस पूरे मामले को लेकर जब The Yuva World News की टीम ने सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि ऐसी किसी घटना की उन्हें जानकारी नहीं है और ना ही इस संबंध में कोई मामला उनके संज्ञान में आया है, ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

हालांकि परिजनों द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की बात सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

एक ओर जहां जिले में होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही थी, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटना और उस पर थाना प्रभारी की अनभिज्ञता कई सवाल खड़े कर रही है।

अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और आरोपियों के खिलाफ कब तक सख्त कदम उठाए जाते हैं।

नोट : मामले में और जानकारियां इकट्ठी की जा रही है कुछ वीडियो और फोटो भी समने आए हैं जिनका विश्लेषण The Yuva World News के द्वारा किया जा रहा है मामले पर हमारी टीम पूरी नजर बनाई रखी है अगले पार्ट में विस्तार के साथ खुलासा किया जायेगा 

— The YUVA WORLD News

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed