मुंगेली: ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल 4 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम मोहतरा तेली में हुई चाकूबाजी की घटना में आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था। इस मामले में थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी विश्राम यादव ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे वह गांव के पैटू तालाब के पास गया था। वहां कमलेश यादव और गीताराम यादव बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार 6-7 युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
जब कमलेश और गीताराम ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे विश्राम यादव को भी जान से मारने की धमकी देते हुए चाकूनुमा हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया। वहीं कमलेश यादव के पेट में वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर चोट के बाद बढ़ाई गई धाराएं
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कमलेश यादव की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां आगे उपचार कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दीं।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से मिली सफलता
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने एक नाबालिग के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
- विशाल यादव (19 वर्ष)
- राजकुमार यादव (21 वर्ष)
- मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष)
तीनों आरोपी तुलसाघाट, लोरमी निवासी हैं। इन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
4 नाबालिगों को भेजा गया बाल संप्रेक्षण गृह
मामले में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उप निरीक्षक मानसिंह, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लीलक साहू, चंद्रकुमार ध्रुव, आरक्षक राजू साहू, सीताराम बर्मन, युगल किशोर, देवीचंद नवरंग, गणेश ध्रुव एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की अपील: किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि, मारपीट या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






Average Rating
More Stories
Bilaspur News : 183 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब, मस्तूरी में भक्ति और उत्साह का माहौल
Bilaspur News: नए थाना प्रभारी के आते ही सख्त हुई सकरी पुलिसिंग, ऑपरेशन बॉज के तहत एक ही दिन में 6 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
Bilaspur News: सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट घेराव में शामिल हुए त्रिलोक चंद्र श्रीवास, वोट चोरी से लेकर BJP महिला मोर्चा के कथित हंगामे तक उठाए मुद्दे