बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बिलासपुर के वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
समारोह में परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवं वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी. दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य परेड का सीएमडी ने निरीक्षण किया। एसईसीएल सुरक्षा विभाग के दो प्लाटून सहित डीएवी स्कूल के कैडेट्स ने शानदार परेड प्रदर्शन किया। बैंड प्लाटून का नेतृत्व सूबेदार मेजर बेनी प्रसाद ने किया।
ऊर्जा सुरक्षा और विकसित भारत के संकल्प पर जोर
अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। हाल के वैश्विक और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को और रेखांकित किया है। ऐसे समय में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा है। कंपनी गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना योगदान दे रही है।
सीएमडी ने कहा कि एसईसीएल की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मचारी और खनिक श्रमवीर हैं। आधुनिक तकनीक, सुरक्षित कार्यसंस्कृति और परिचालन उत्कृष्टता के साथ कर्मचारी कल्याण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
उन्होंने ‘SECL की धड़कन’, ‘SECL के सुश्रुत’, ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ और ‘प्रोजेक्ट धराशक्ति’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
बच्चों ने दी देशभक्ति प्रस्तुतियां
समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों ने सामूहिक रूप से कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति का संदेश दिया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कवायद दल, सर्वोत्कृष्ट कवायद दल और उत्तम पोशाक के लिए परेड में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों और उनके बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, श्रम संघ प्रतिनिधि और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
₹14.75 करोड़ की लागत से बने ‘सृजन’ हॉस्टल का लोकार्पण
मुख्य समारोह के बाद सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशकगण, सीवीओ, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया।
लगभग ₹14.75 करोड़ की लागत से निर्मित इस भवन का कुल क्षेत्रफल करीब 4,992 वर्गमीटर है। चार मंजिला भवन में कुल 48 सुइट्स बनाए गए हैं। प्रत्येक सुइट में बेडरूम, लिविंग रूम, किचन, डाइनिंग एरिया और बालकनी की सुविधा उपलब्ध है।
भवन में दो लिफ्ट, अग्नि सुरक्षा प्रणाली सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सभी सुइट्स को आवश्यक फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से भी सुसज्जित किया गया है।
समारोह के उद्घोषणा की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) श्री पाणी पंकज पांडे एवं सुरक्षा निरीक्षक श्री एम.पी. जांगड़े ने निभाई।
The YUVA WORLD News | पहुंच दूर तक, खबरें आप तक










Average Rating
More Stories
Bilaspur News: अमर अग्रवाल के प्रस्तावों से 5.36 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी गति, शिक्षा-पेयजल सुविधाओं पर जोर
Bilaspur News: त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने सहयोगियों संग कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत का किया स्वागत
Raigarh News: सोनू अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की जिला युवा इकाई का अध्यक्ष…. प्रतीक अग्रवाल को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी..