The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

कोटया में दो सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन, 6.41 करोड़ रुपये होंगे खर्च, धनपुर-कोटया और बोडेमुड़ा-रतनपुर मार्ग से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के दिए निर्देश

Views: 819
Spread the love
Read Time:8 Minute, 33 Second

कोटया (एमसीबी)। खड़गवां विकासखंड के ग्राम कोटया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पटेल बहरा में क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का विधि-विधान एवं हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत स्वीकृत इन दोनों सड़क परियोजनाओं पर कुल 641.37 लाख रुपये यानी लगभग 6 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

सर्वप्रथम अतिथियों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान संबंधित सड़क निर्माण कार्यों की प्रस्तावना पीएमजीएसवाई के ई द्वारा प्रस्तुत की गई। पहली सड़क धनपुर से कोटया व्हाया पटेल बहरा तक बनाई जाएगी। इसकी कुल लंबाई 5.40 किलोमीटर होगी और निर्माण पर 452.71 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं दूसरी सड़क बोडेमुड़ा से रतनपुर व्हाया सरनापारा तक 2.40 किलोमीटर लंबाई में बनाई जाएगी, जिसकी स्वीकृत लागत 188.660 लाख रुपये है। दोनों सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा हो निर्माण

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। अच्छी सड़क बनने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में आठ बड़े ब्रिज स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र के आवागमन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

कोटया में शिविर लगाकर समस्याओं का करें निराकरण

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने केवल विकास कार्यों की जानकारी ही नहीं ली, बल्कि ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं और मांगों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत खड़गवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कोटया में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका निराकरण किया जा सके। वहीं वन अधिकार पट्टा से संबंधित लंबित प्रकरणों को लेकर संबंधित रेंजर को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से बोले मंत्री- समस्याएं लेकर मेरे पास आइए”

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि गांव के लोगों को अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से सवाल करते हुए कहा कि आखिर वे अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास क्यों नहीं आते? उन्होंने कहा कि इस तरह के अवसर बार-बार नहीं मिलते हैं। यदि ग्रामीण अपनी समस्याओं को सामने रखेंगे, तभी उनका समाधान संभव हो पाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों की समस्याओं का निराकरण तभी होगा, जब ग्रामीण स्वयं आगे आकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी समस्या को लेकर संकोच न करें और अपनी मांगों एवं परेशानियों से उन्हें अवगत कराएं।

8 नए पुल की भी मिली स्वीकृति

पीएमजीएसवाई के ई ने जानकारी दी कि खड़गवां क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए आठ बड़े पुलों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इन आठ पुलों की कुल लंबाई 445 मीटर है, जिनके निर्माण पर लगभग 27 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च होंगे। इन पुलों का निर्माण करवान, परसमुड़ा गंजपारा, मुगुम-कर्मिपारा, करवा-कोडांगी, रतनपुर-बैगापारा, सिटगापारा-बेलबहरा, चिलबाहिरपारा और बरमोरा नाला क्षेत्र में प्रस्तावित है। इससे बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानी कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया मसराम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री, ग्राम पंचायत कोटया की सरपंच श्रीमती सुमंती बाई, ग्राम पंचायत बोडेमुड़ा के सरपंच सुमार सिंह साय, जनपद पंचायत खड़गवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जमुना पांडे प्रवक्ता, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, खड़गवां मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, भारतीय किसान मोर्चा एमसीबी के जिलाध्यक्ष राम प्रताप गुप्ता, परमानंद जायसवाल सहित पीएमजीएसवाई के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

दोनों सड़क परियोजनाओं के भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्रवासियों में बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही आसपास के गांवों का संपर्क भी मजबूत होगा।

देबाशीष गांगुली ( ब्यूरो प्रमुख सरगुजा संभाग )

The YWN News पोर्टल Digital भारत का सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट्स पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ.. 6262580560

You may have missed