The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Bilaspur : छठ महापर्व को लेकर अरपा घाट पर तैयारियां तेज, कलेक्टर और SSP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा…13 से 16 नवंबर तक होगा छठ पर्व का आयोजन

Views: 695
Spread the love
Read Time:4 Minute, 16 Second

13 से 16 नवंबर तक होगा छठ पर्व का आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

बिलासपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर बिलासपुर के अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय पर्व में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

नदी में उतरने वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए संकेतक और आवश्यक अवरोध लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही घाट पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस की नजर

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। घाट के प्रवेश और निकास मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा आसपास के रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिस एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की कही बात

छठ आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि अरपा तट का छठ आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए घाट पर मौजूद रहेंगे।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति के बीच समन्वय बनाकर पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


The YUVA WORLD News

पहुंच दूर तक, खबरें आप तक।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed