The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Raipur : नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का मामला… डॉक्टर सहित 3 और गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

Views: 1309
Spread the love
Read Time:2 Minute, 58 Second

रायपुर। नवजात शिशुओं की कथित खरीद-बिक्री के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

 

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम क्षेत्र की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में मामला दर्ज है। इससे पहले पुलिस ने महिला आरोपी कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना और गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के दौरान तीन अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। आरोप है कि डॉ. खिर सिंधु महानंद अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था और इसे कृतिका साहू को देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है। आरोपी ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है।

 

वहीं, प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को तलाशने तथा उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के काम में शामिल था। आरोप है कि प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता था और रकम आपस में बांटी जाती थी। अश्वनी शर्मा पर इस लेन-देन में भूमिका निभाने का आरोप है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed