खड़गवां जनपद पंचायत मैदान में आयोजित हुआ प्रदेश स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह, स्वास्थ्य मंत्री ने की मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा
संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, कुष्ठ एवं मलेरिया उन्मूलन में मितानिनों की भूमिका को बताया अहम; चार एफआरयू सेंटर स्थापित होने से मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी आने की जताई उम्मीद
एमसीबी,खड़गवां। स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और चिकित्सा सुविधाओं को पहुंचाने में मितानिन बहनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य जागरूकता की अलख जगाने वाली मितानिन बहनों के सेवा, समर्पण और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मितानिन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद पंचायत मैदान खड़गवां में प्रदेश स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
समारोह स्थल पर मितानिन बहनों द्वारा वर्षों से किए जा रहे जनसेवा के कार्यों को प्रदर्शित करने वाले पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों के माध्यम से संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में मितानिनों के योगदान को दर्शाया गया। पोस्टर प्रदर्शनी उनके सेवा भाव और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रही थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अतिथियों द्वारा भारत माता एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के साथ समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार सुनील मानिकपुरी ने चर्चित गीत ‘हमर पारा तुहर पारा’ की धुन पर अपनी प्रस्तुति देकर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया। इस दौरान मितानिन बहनों ने महामाला पहनाकर स्वास्थ्य मंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
25 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा में मितानिनों का अतुलनीय योगदान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस लंबी यात्रा में मितानिन बहनों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, टीकाकरण अभियान, खड़गवां को टीबी मुक्त बनाने के प्रयास, कुष्ठ रोग उन्मूलन सहित अनेक स्वास्थ्य अभियानों में उनका योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों के सहयोग के बिना इन उपलब्धियों को हासिल करना संभव नहीं था।
मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग की सबसे मजबूत कड़ी : श्याम बिहारी जायसवाल
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में मितानिन बहनों के योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज का दिन बेहद खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के संकल्प के बीच मितानिन बहनों का सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोगों को लगता है कि मितानिन बहनों का काम केवल गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी तक सीमित है, जबकि वास्तविकता इससे कहीं अधिक व्यापक है। टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना और गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य मितानिन बहनें पूरी निष्ठा से करती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने मितानिनों के संघर्ष और समर्पण का उदाहरण देते हुए कहा कि बस्तर में मलेरिया के प्रकोप के दौरान मितानिन बहनों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। उफनते पानी और दुर्गम रास्तों के बीच नाव के सहारे पहुंचकर उन्होंने मरीजों की सेवा की। कई बार मरीजों को अपनी पीठ पर लादकर एंबुलेंस तक पहुंचाने का काम भी किया है। जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक मितानिन बहनें लोगों के साथ खड़ी रहती हैं।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि मितानिन बहनों से उनका दोहरा संबंध है। एक संबंध प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के नाते है, तो दूसरा संबंध एक बेटे और भाई के रूप में है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल औपचारिक सम्मान करना नहीं, बल्कि मितानिन बहनों के वर्षों के त्याग और समर्पण को वह सम्मान देना है जिसकी वे वास्तविक हकदार हैं।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मितानिनों की अहम भूमिका
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने में मितानिन बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एक समय मातृ एवं शिशु मृत्यु दर के मामले में प्रदेश की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन लगातार प्रयासों से इसमें सुधार हुआ है। उन्होंने प्रदेश की मातृ मृत्यु दर 123 तक पहुंचने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में मितानिनों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को और कम करने के उद्देश्य से जिले में चार एफआरयू (First Referral Unit) सेंटर स्थापित किए जाने की योजना है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार मातृ एवं शिशु मृत्यु के कई मामलों में समय पर रेफरल और बेहतर उपचार की कमी बड़ी वजह बनती है। एफआरयू सेंटर स्थापित होने से गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी।
मितानिन भवन के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा
मितानिन बहनों की सुविधाओं और उनके संगठनात्मक कार्यों को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला खनिज न्यास मद से 75 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र जनकपुर में भी मितानिन भवन निर्माण की बात कही। इस घोषणा का समारोह में उपस्थित मितानिन बहनों ने स्वागत किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों के माध्यम से जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वरिष्ठ मितानिनों सहित 1700 से अधिक बहनों का सम्मान
समारोह में सेवा और अनुभव को विशेष महत्व देते हुए सबसे बुजुर्ग 10 मितानिन बहनों को मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा एमटी के साथ मंच पर पहुंचीं मितानिन बहनों का सामूहिक रूप से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 1700 से अधिक मितानिन बहनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और सम्मान प्राप्त किया।
सम्मान समारोह के दौरान मितानिन बहनों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन उनके वर्षों के निस्वार्थ सेवा कार्यों को सार्वजनिक रूप से पहचान देने और उनके मनोबल को बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर नगर निगम महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जनपद पंचायत खड़गवां अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, खड़गवां मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़गवां, चिरमिरी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, रामजीत लकड़ा उर्फ भगत बाबूराजू नायक, परमानंद जायसवाल, रवि सिंह एवं खड़गवां सरपंच सुखित लाल अगरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम खड़गवां, तहसीलदार खड़गवां, डीपीएम शिशिर जायसवाल, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, सीएस चिरमिरी तोमर, मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, बीपीएम राजकुमार रजवाड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कुल मिलाकर खड़गवां में आयोजित यह प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उन हजारों मितानिन बहनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना, जो कठिन परिस्थितियों में भी गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रही हैं।






Average Rating
More Stories
Bilaspur : 8 किलो गांजा बरामदगी मामले में बड़ा खुलासा, सप्लाई करने के आरोप में 62 वर्षीय फरार आरोपी गिरफ्तार
Bilaspur : शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो महामाया चौक में युवक को पीटा! पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Bilaspur : पिट्ठू बैग में शराब भरकर बाइक से निकला था बिक्री करने! पुलिस ने रास्ते में ही दबोचा, 35 पाव शराब और बाइक जब्त