The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

हमारा झोला, हमारा पैसा… कांग्रेसियों को क्या तकलीफ?’ मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का तीखा पलटवार, झोले पर सियासी घमासान, मंत्री का कांग्रेस से सवाल– आखिर तकलीफ क्या है?

Views: 1451
Spread the love
Read Time:4 Minute, 29 Second

मितानिन दिवस पर मितानिन बहनों को झोला और उपहार देने पर गरमाई सियासत, कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री ने कहा– सरकारी पैसे से नहीं, अपने निजी खर्च से दिए उपहार।

एमसीबी। जिले के खड़गवां में आयोजित राज्यस्तरीय मितानिन दिवस समारोह के बाद अब मितानिन बहनों को दिए गए झोले और उपहार को लेकर सियासत गरमा गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा मितानिन दिवस के अवसर पर मितानिन बहनों को झोला और अन्य उपहार भेंट किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस का आरोप था कि सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा मितानिनों को झोले वितरित किए गए। वहीं, अब इस पूरे मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए करारा जवाब दिया है।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारा झोला बटा है, तो कांग्रेसियों को क्या तकलीफ हो रही है? हमने न तो सरकारी पैसे से झोले बांटे हैं और न ही किसी सरकारी योजना के तहत इनका वितरण किया है। यह हमारा झोला है, हमारा पैसा है और हमारा सामान है। हम अपनी मितानिन बहनों को अपनी ओर से उपहार दे रहे हैं, तो कांग्रेसियों को आखिर परेशानी क्यों हो रही है?

मंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि मितानिन दिवस के अवसर पर शासन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। सरकारी कार्यक्रम और सम्मान समारोह संपन्न होने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मितानिन बहनों को शुभकामनाएं दीं और अपनी ओर से झोला सहित अन्य उपहार भेंट किए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब अपनी बहनों को व्यक्तिगत रूप से उपहार देने के लिए भी कांग्रेस से अनुमति लेनी पड़ेगी? क्या किसी का सम्मान करना भी कांग्रेस से पूछकर करना होगा?

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं। आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनके प्रति सम्मान, स्नेह और अपनापन रखना हमारा दायित्व है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मितानिन बहनों का सम्मान करने की परंपरा पहले भी रही है और आगे भी जारी रहेगी। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित करना कोई राजनीतिक दिखावा नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव है। कांग्रेस को इस तरह के विषयों पर राजनीति करने के बजाय मितानिन बहनों के योगदान को समझना चाहिए।

फिलहाल झोले और उपहार को लेकर शुरू हुआ यह विवाद एमसीबी जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर कांग्रेस इस मामले को लेकर मंत्री पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल इसे अपना निजी खर्च बताते हुए कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर रहे हैं।

देबाशीष गांगुली ( ब्यूरो प्रमुख सरगुजा संभाग )

The YWN News पोर्टल Digital भारत का सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट्स पाने के लिए जुड़िए हमारे साथ.. 6262580560

You may have missed