CG News : चोरी के शक में ग्रामीण को खंभे से बांधकर पीटा, मौत; पुलिस ने चार को हिरासत में लिया
रायगढ़ The YWN News : रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में एक ग्रामीण को खंभे से बांधकर इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय पंचराम सारथी के रूप में हुई है, जो बनोरा गांव का निवासी था। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

रात में घर से निकला था मृतक
जानकारी के अनुसार, पंचराम ने रात करीब साढ़े 11 बजे अपने परिवार के साथ खाना खाया और सोने चला गया। लेकिन देर रात करीब दो बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। सुबह पांच बजे जब उसका बेटा अर्जुन सारथी टहलने निकला, तो उसे खबर मिली कि उसके पिता को डूमरपाली गांव में बिजली खंभे से बांधकर पीटा गया है।

पिटाई के बाद हुई दर्दनाक मौत
अर्जुन डूमरपाली गांव पहुंचा तो उसने देखा कि उसके पिता की मौत हो चुकी थी। जांच में पता चला कि देर रात पंचराम डूमरपाली गांव के विरेन्द्र सिंह सिदार के घर में दाखिल हो गया था। इस पर विरेन्द्र और उसके परिवार वालों ने पंचराम को चोरी का संदेह करते हुए बिजली के खंभे से बांध दिया और लात-घूंसों व डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस कार्रवाई और परिजनों की मांग..
अर्जुन ने घटना की जानकारी डायल 112 और परिजनों को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचराम के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। चक्रधर नगर थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि विरेन्द्र सिंह सिदार समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

मृतक की साली जमुनीमुखी ने घटना पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा : “अगर पंचराम ने कोई गलती की थी तो उसे पुलिस को सौंपना चाहिए था। इस तरह पीट-पीटकर मार देना गलत है। हम न्याय चाहते हैं और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
जांच जारी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि पंचराम ने घर में क्यों प्रवेश किया और मारपीट के पीछे की असल वजह क्या थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी।
यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





Average Rating
More Stories
बिलासपुर में पुलिस अभिरक्षा से संदेही फरार… ट्रांसपोर्ट नगर से ACCU ने पकड़ा..? चकरभाठा थाने से भागने की चर्चा..नशीली कैप्सूल-टैबलेट मामले से जुड़ा बताया जा रहा मामला
Mungeli News : खैरासेतगंगा धाम समिति विवाद गहराया, शिक्षक शत्रुहन टोंडर के खिलाफ शिकायत.. 50 लाख के भवन निर्माण पर सवाल
Bilaspur : बेलतरा की बदहाल सड़कों पर अंकित गौरहा का सवाल—कैबिनेट ने डामर पर दी राहत, नगर निगम की सड़कों का समाधान कब?