मिलने बुलाया और शादी की जिद करने लगा प्रेमी, इनकार करने पर प्रेमिका की हत्या
बालोद। जिले के डौण्डी लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरामी जंगल में 24 जनवरी को मिली महिला की सड़ी-गली लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के प्रेमी ने ही की थी। शादी से इनकार करने पर आरोपी ने पहले गला दबाकर महिला को बेहोश किया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
लकड़ी बीनने गए ग्रामीण को मिली लाश
24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे गुरामी गांव का एक ग्रामीण लकड़ी लेने जंगल गया था। इसी दौरान उसे तेज बदबू आई। पास जाकर देखने पर पत्थरों के नीचे इंसानी पैर की उंगलियां दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, साइबर सेल, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पत्थर हटाने पर एक महिला का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
टैटू से हुई मृतिका की पहचान
जांच के दौरान 16 जनवरी को दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर परिजनों को बुलाया गया। महिला के हाथ में बने टैटू और पहनावे से शव की पहचान कमला राजपूत के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कॉल डिटेल से खुली हत्या की परतें
पुलिस ने महिला के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले। अंतिम बार जिनसे बात हुई थी, उनमें तरौद निवासी नेमीचंद साहू का नाम सामने आया। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछने पर आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया।
शादी से इनकार बना हत्या की वजह
मिली जानकारी अनुसार : आरोपी ने बताया कि उसके और कमला के बीच प्रेम संबंध थे। 16 जनवरी को दोनों बाइक से गुरामी जंगल पहुंचे, जहां वे पहले भी मिलते थे। आरोपी ने शराब पी और कमला पर शादी कर अपने घर चलने का दबाव बनाया।
कमला के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने उसका गला घोट दिया। जब वह बेहोश होकर गिर गई तो उसे जंगल के निचले हिस्से में घसीट ले गया। सांसें चलती देख उसने एक बड़े पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी, ताकि पहचान न हो सके।
सबूत मिटाने की कोशिश, मोबाइल तोड़कर फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को पत्थरों से ढक दिया। कमला के मोबाइल पर लगातार परिजनों के फोन आ रहे थे, इसलिए आरोपी मोबाइल लेकर घर चला गया। रात भर सोने के बाद वह ट्रेन से दुर्ग गया और वहां मोबाइल तोड़कर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टूटी चूड़ियां, हत्या में प्रयुक्त पत्थर, शराब की शीशी और मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
24 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल
बालोद पुलिस ने शव मिलने के 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। साइबर सेल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में साइबर सेल और डौण्डी लोहारा थाना टीम की अहम भूमिका रही।









Average Rating
More Stories
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली