होली के दिन रंग लगाने के विवाद में युवक की हत्या, रायपुर ग्रामीण पुलिस ने 7 आरोपी और 1 नाबालिग को किया गिरफ्तार
रायपुर | The YUVA WORLD News
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र में होली के दौरान रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की हत्या तक पहुंच गया। इस मामले में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और 1 विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोनू ठाकुर ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 04 मार्च 2026 को वह अपने साथी नीरज लोधी और नीलेश लोधी के साथ मोहल्ले के दुर्गा चौक के पास होली खेल रहा था। उसी दौरान नीरज लोधी मोटरसाइकिल क्रमांक CG04HR6547 से वहां पहुंचा और चाय पीने चलने की बात कही।
तीनों युवक मोटरसाइकिल से केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे ही थे कि वहां पहले से खड़े कुछ युवकों ने उन्हें रंग लगाने के लिए रोक लिया और बाइक की चाबी निकाल ली।
बाइक से गिराकर किया हमला
जब नीरज लोधी ने रंग लगाने से मना किया तो ध्रुव निषाद और उसके साथियों ने तीनों को बाइक से गिरा दिया। इस दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई।
मोनू ठाकुर और नीलेश लोधी वहां से भागने लगे, लेकिन ध्रुव निषाद ने मोनू ठाकुर को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए पहुंचे महेन्द्र वर्मा ने मोनू को छुड़ाया।
चाकू से हमला कर की हत्या
इसी दौरान संजू निषाद और उसके साथियों ने अपने पास रखे चाकू से नीरज लोधी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सीने, पीठ और कमर पर कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद थाना आरंग में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 126(2), 103(1), 189, 190, 191(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी आरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 07 आरोपियों और 01 विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और चूड़ा भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू (21 वर्ष)
- योगेन्द्र निषाद उर्फ बीरू उर्फ बाऊ (24 वर्ष)
- गौतम कुमार साहू (23 वर्ष)
- भोजराम निषाद उर्फ भोजू (24 वर्ष)
- राहुल साहू (23 वर्ष)
- नेमीचंद साहू (19 वर्ष)
- धनेश निषाद (30 वर्ष)
- 01 विधि के साथ संघर्षरत बालक
जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
The YUVA WORLD News आप तक ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरें लगातार पहुंचाता रहेगा।







Average Rating
More Stories
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली