बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ फीडबैक की समीक्षा, IG रामगोपाल गर्ग ने SPs के साथ की वर्चुअल बैठक
बिलासपुर | The YUVA WORLD News
दिनांक 11 मार्च 2026 को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर विगत एक माह में ‘अनुभव’ फीडबैक प्रणाली के तहत प्राप्त सुझावों और शिकायतों की जिलावार समीक्षा की।
बैठक में बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पांडे, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस अधीक्षक मनोज खिलाड़ी तथा सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित रेंज के अन्य अधिकारी शामिल हुए।
थानों की फीडबैक के आधार पर समीक्षा
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि रेंज कार्यालय से प्रतिदिन भेजे जा रहे अनुभव फीडबैक के आधार पर जिलों की समीक्षा की जा रही है। इस फीडबैक के माध्यम से आम नागरिक थानों में लगे QR Code को स्कैन कर पुलिस कार्यप्रणाली के संबंध में अपने सुझाव और शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
जिलावार प्राप्त फीडबैक
- बिलासपुर जिला – कुल 201 फीडबैक, सर्वाधिक थाना सरकंडा (64) और सिविल लाइन (20)। सिटी कोतवाली, बिल्हा, अजाक, यातायात थाना, रेंज साइबर थाना, ACCU, पुलिस सहायता केंद्र सिम्स और मोपका में शून्य फीडबैक।
- रायगढ़ जिला – कुल 331 फीडबैक, सर्वाधिक जूटमिल और कोतरारोड थाने में 44-44 फीडबैक। अजाक और महिला थाना में शून्य फीडबैक।
- कोरबा जिला – कुल 55 फीडबैक, सर्वाधिक उरगा थाना में 12 फीडबैक। कोतवाली, साइबर थाना, दर्री, कुसमुंडा, पाली, पसान और लेमरू में शून्य फीडबैक।
- जांजगीर-चांपा जिला – कुल 100 फीडबैक, सर्वाधिक सारागांव थाना में 20 और जांजगीर में 11 फीडबैक। पुलिस सहायता केंद्र कोटमिसोनर और रहौद में शून्य फीडबैक।
- मुंगेली जिला – कुल 230 फीडबैक, सर्वाधिक पथरिया (46), सिटी कोतवाली (33), लोरमी (24) और साइबर सेल (21)। चौकी डिंडोरी में शून्य फीडबैक।
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला – कुल 51 फीडबैक, सर्वाधिक डोंगरीपाली में 11 फीडबैक जबकि बिलाईगढ़ थाना में शून्य फीडबैक।
- सक्ती जिला – कुल 127 फीडबैक, सर्वाधिक मालखरौदा (38), जैजैपुर (20) और डभरा (19)।
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला – कुल 39 फीडबैक, सर्वाधिक पेंड्रा थाना में 22 फीडबैक जबकि चौकी खोडरी में शून्य फीडबैक।
औसत रेटिंग पर जताई संतुष्टि
समीक्षा के दौरान अधिकांश थानों की रेटिंग 5 के पैमाने पर लगभग 3.5 के औसत पर रहने पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही जिन थानों की ग्रेडिंग कम है, वहां सुधार के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
फीडबैक से सामने आई समस्याएं
अनुभव फीडबैक के माध्यम से कई उपयोगी सुझाव और शिकायतें सामने आई हैं। इनमें कुछ थानों में पेयजल की व्यवस्था, बैठने की सुविधा की कमी, कहीं पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर शिकायतें, तो कई जगहों पर पुलिस की कार्यप्रणाली की जनता द्वारा सराहना भी की गई है।
कुछ मामलों में रिपोर्ट लिखने में देरी या समय पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं, वहीं कई नागरिकों ने तुरंत मदद मिलने पर पुलिस का धन्यवाद भी दिया है।
अच्छा काम करने वाले थानों को मिलेगा प्रोत्साहन
आईजी रामगोपाल गर्ग ने निर्देश दिए कि अनुभव पोर्टल से प्राप्त प्रत्येक फीडबैक की समीक्षा कर संबंधित थानों में आवश्यक सुधार किए जाएं। जिन थानों के कार्यों की लगातार सराहना हो रही है, उन्हें पुरस्कृत करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन थानों से फीडबैक बिल्कुल प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उनके कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
आईजी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे थानों में लगे QR Code को स्कैन कर अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज करें, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। इस प्रकार की समीक्षा बैठक प्रतिमाह आयोजित की जाएगी।






Average Rating
More Stories
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली
बिलासपुर (Bilaspur): शराब पीने के लिए पैसे मांगे, नहीं देने पर मारपीट और चाकूनुमा हथियार से हमला; आरोपी गिरफ्तार