The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

C.V. Raman University का छात्र रोहित कुमार छात्रावास से लापता, कमरे से 40 लाख का हिसाब और ऑनलाइन बेटिंग नोट्स मिले…विश्वविद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी

Views: 14383
Spread the love
Read Time:4 Minute, 14 Second

C.V. Raman University का छात्र रोहित कुमार लापता, कमरे से 40 लाख रुपये का हिसाब और ऑनलाइन बेटिंग नोट्स मिले

बिलासपुर | The YUVA WORLD News

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के थाना कोटा क्षेत्र में स्थित C.V. Raman University के छात्रावास से एक छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गुम इंसान का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) दिनांक 06 मार्च 2026 को शाम लगभग 4 बजे से छात्रावास से लापता है। इस संबंध में छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया है।

कमरे से मिले चौंकाने वाले दस्तावेज

पुलिस जांच के दौरान छात्रावास के कमरे से एक मोबाइल फोन (बिना सिम), ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स वाला एक पेज और एक नोटबुक बरामद हुई है। नोटबुक में लगभग 40,77,400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है।

इसके अलावा रोहित कुमार के मोबाइल से उसकी मां को एक मैसेज भेजा गया था, जिसमें उसने स्वेच्छा से कहीं जाने की बात लिखी थी, हालांकि वह मैसेज डिलीवर नहीं हो पाया।

ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के लेन-देन की जानकारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रोहित कुमार ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने कुछ साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और कहा था कि वह उन्हें तुरंत UPI के माध्यम से वापस कर देगा।

पुलिस द्वारा मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खाते और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। बैंक डिटेल में करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है, जिसमें विभिन्न लोगों और ऐप के माध्यम से पैसे का लेन-देन हुआ है।

CCTV फुटेज और डॉग स्क्वाड से तलाश

जांच के दौरान यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले गए हैं।

वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक खोजबीन की गई है।

परिवार को थी बेटिंग की जानकारी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित कुमार के भाई-बहनों को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।

पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही मामले की जानकारी अन्य जिलों की पुलिस को भी भेजी गई है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को रोहित कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed