कथित वायरल वीडियो पर भाजपा नेताओं की सफाई, छवि धूमिल करने का लगाया आरोप
बिलासपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या और खिलावन पटेल ने शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अपनी सफाई पेश की। नेताओं ने कहा कि वीडियो के जरिए उनकी राजनीतिक छवि को जानबूझकर धूमिल करने की कोशिश की जा रही है और यह पूरी तरह भ्रामक प्रचार का हिस्सा है।
प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुकुर्दीकला स्थित रेत घाट की जनसुनवाई के अंतिम चरण के दौरान 25 हजार रुपये के कथित लेन-देन का जो वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया गया है, उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि वीडियो को रेत घाट मैनेजमेंट से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।
चंद्रप्रकाश सूर्या और खिलावन पटेल ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कुछ लोग इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं, ताकि जनता के बीच उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
नेताओं ने कहा कि वे हमेशा जनहित के मुद्दों पर पारदर्शिता के साथ काम करते आए हैं और आगे भी इसी तरह कार्य करते रहेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जिससे आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की कि किसी भी वायरल वीडियो या खबर पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। प्रेसवार्ता के अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण प्रचार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाने की तैयारी भी की जा रही है।
The YUVA WORLD News






Average Rating
More Stories
CG News: बदहाल सड़क का Viral Video देख CM साय ने लिया संज्ञान, कलेक्टर को तत्काल सुधार के निर्देश
बिलासपुर में फर्जी वसीयतनामा से करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप, मस्तूरी थाने में FIR; एक आरोपी को हिरासत में लेकर छोड़ने की चर्चा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल ?
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’