बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां असम की एक युवती की शिकायत पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, पीड़िता असम की रहने वाली है और उसकी पहचान एक युवक से ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही, जिसके बाद युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसे बिलासपुर बुलाया। आरोप है कि मार्च 2026 में सकरी स्थित एक होटल में तथा बाद में जशपुर क्षेत्र में भी शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
पीड़िता का कहना है कि बाद में जब उसने विवाह करने की बात कही तो युवक ने शादी से इनकार कर दिया। युवती ने यह भी बताया कि वह लंबे समय तक इस उम्मीद में इंतजार करती रही कि आरोपी उससे विवाह करेगा, इसी कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई।
The Yuva World News के पास पहुंचे कुछ दस्तावेज और फोटो
मामले से जुड़े कुछ फोटो, दस्तावेज और अन्य जानकारियां पीड़िता द्वारा The Yuva World News के साथ साझा की गई हैं। फिलहाल हमारी टीम इन सामग्रियों की सत्यता और वैधता की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले भाग में संबंधित फोटो और तथ्यों के साथ विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की जाएगी।
युवती ने लगाए संरक्षण मिलने के आरोप
पीड़िता ने The Yuva World News को बताया कि उसे आशंका है कि आरोपी की पहुंच प्रभावशाली लोगों तक है, जिसके कारण अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। युवती का यह भी दावा है कि आरोपी अपने परिचितों के बीच यह बात कह रहा है कि उसकी पहुंच बड़े लोगों तक है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर?
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रकरण दर्ज होने के बाद भी आरोपी फिलहाल पुलिस की पहुंच से दूर बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से उसकी गिरफ्तारी या तलाश संबंधी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर आरोपों वाले इस मामले में पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है और आरोपी की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है। इस पूरे घटनाक्रम पर The Yuva World News की नजर बनी हुई है और मामले से जुड़ा हर महत्वपूर्ण अपडेट पाठकों तक पहुंचाया जाएगा।
नोट: पीड़िता की निजता और कानूनी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए फिलहाल पीड़िता एवं आरोपी के नाम प्रकाशित नहीं किए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ आरोप हैं, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।






Average Rating
More Stories
Bilaspur : बेलतरा की बदहाल सड़कों पर अंकित गौरहा का सवाल—कैबिनेट ने डामर पर दी राहत, नगर निगम की सड़कों का समाधान कब?
बिलासपुर: रसूखदार कबाड़ कारोबारी मारपीट मामले में गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार!
बिलासपुर: गनियारी में स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने का आरोप, शासकीय भूमि के मामले में कलेक्टर से शिकायत..अब प्रशासन की कार्रवाई पर नजर