बिलासपुर पुलिस ने किया उड़ीसा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 21 जून 2026. बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई 3 बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य उड़ीसा से बिलासपुर पहुंचते थे और स्थानीय सहयोगियों की मदद से शहर में ठहरकर महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो जाते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में बिना नंबर की नीली स्कूटी पर घूम रहे संदिग्ध दिखाई दिए। इसी बीच सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के फुटेज और आरोपियों की गतिविधियों का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
स्थानीय सहयोगी ने खोला गिरोह का राज
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिरगिट्टी के गणेश नगर निवासी नवीन साहू का इन घटनाओं से संबंध हो सकता है। पूछताछ में नवीन साहू ने स्वीकार किया कि उसने अपने उड़ीसा निवासी साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर 3 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
संगठित अपराध के तहत सख्त कार्रवाई
विवेचना में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय व्यक्तियों के सहयोग से महिलाओं को निशाना बनाते थे। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के 3 अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- शिव सिंह (28 वर्ष), राउरकेला, उड़ीसा
- शक्ति प्रसाद (20 वर्ष), सुंदरगढ़, उड़ीसा
- नवीन साहू (32 वर्ष), गणेश नगर, सिरगिट्टी, बिलासपुर
- प्रमोद सिंह (30 वर्ष), रायभोगा, सुंदरगढ़, उड़ीसा
- अतुल मुंडा (18 वर्ष), उदितपुर, उड़ीसा
- बसंता खड़िया (20 वर्ष), संबलपुर, उड़ीसा
जब्त सामग्री
- घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी
पुलिस की नागरिकों से अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र या मोहल्ले में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना या पुलिस को अवश्य दें। समय पर सूचना मिलने से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकती है और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलती है।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय चैन स्नैचिंग गिरोह का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।








Average Rating
More Stories
Ambikapur News: कांग्रेस में जाने के 10 दिन बाद नूर हसन अली की AAP में वापसी, 150 से अधिक कार्यकर्ता भी लौटे
Bilaspur News: नगर निगम सामान्य सभा से पहले BJP पार्षद दल की बैठक, अमर अग्रवाल ने दिए ये निर्देश
Breaking News : टेंडर खुलने से पहले ही काम पूरा! लोरमी विद्युत विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल..कागजों में 22 सितंबर को खुलेगी निविदा, जमीन पर पहले ही खड़े हो गए खंभे और ट्रांसफार्मर..उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के क्षेत्र का मामला