चुनावी ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में घूमते मिले सब इंस्पेक्टर, एसपी ने किया निलंबित
कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी के बावजूद एक सब इंस्पेक्टर अपनी ड्यूटी छोड़कर शराब के नशे में धुत्त पाए गए। मामला कोरबा जिले के पाली ब्लॉक का है, जहां मतदान के तीसरे चरण के दिन कुसमुंडा थाना में पदस्थ एसआई दादूरैया सिंह ठाकुर को ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में पकड़ लिया।
शनिवार रात करीब 10 बजे नुनेरा चोकपारा में ग्रामीणों ने देखा कि वर्दी में तैनात यह अधिकारी नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे हैं। ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ तिवारी और चुनाव अधिकारियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा। एसआई को पकड़कर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रशासन की लापरवाही उजागर
चुनाव के दौरान पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। चुनावी निगरानी के बावजूद ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी का शराब के नशे में पाया जाना पुलिस विभाग के लिए एक गंभीर चूक मानी जा रही है।
ग्रामीणों की सतर्कता से उजागर हुआ मामला
अगर ग्रामीणों ने सतर्कता नहीं दिखाई होती, तो यह मामला शायद सामने नहीं आता। स्थानीय लोगों की जागरूकता ने न केवल एक लापरवाह पुलिस अधिकारी को बेनकाब किया, बल्कि प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर अधिक सतर्क रहने का संकेत दिया है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने भी अपने अधिकारियों की सख्त निगरानी रखने की बात कही है।









Average Rating
More Stories
Mungeli News : खैरासेतगंगा धाम समिति विवाद गहराया, शिक्षक शत्रुहन टोंडर के खिलाफ शिकायत.. 50 लाख के भवन निर्माण पर सवाल
Bilaspur : बेलतरा की बदहाल सड़कों पर अंकित गौरहा का सवाल—कैबिनेट ने डामर पर दी राहत, नगर निगम की सड़कों का समाधान कब?
बिलासपुर: रसूखदार कबाड़ कारोबारी मारपीट मामले में गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार!