The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

BREAKING NEWS BILASPUR : खूनी संघर्ष में एक की मौत, चार घायल — जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप

Views: 1190
Spread the love
Read Time:3 Minute, 42 Second

स्थान: बिलासपुर, छत्तीसगढ़

घटना स्थल: हरदीकला टोना गांव, थाना क्षेत्र सिरगिट्टी

तिथि: बुधवार, देर रात

बिलासपुर : जिले के सिरगिट्टी थाना अंतर्गत हरदीकला टोना गांव में बुधवार रात एक पारिवारिक जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। वर्षों से चले आ रहे आपसी रंजिश और बंटवारे के विवाद ने उस समय हिंसक मोड़ ले लिया, जब कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से खूनी संघर्ष हो गया। इस दुखद घटना में 35 वर्षीय गीताराम साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं एक गर्भवती महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

 

पुराना विवाद बना मौत की वजह

 

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार : मृतक गीताराम साहू का अपने चचेरे भाइयों — सुनील, रवि और सागर से जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गांव में कई बार पंचायतें और बैठकें भी बुलाई गईं, लेकिन कोई ठोस समझौता नहीं हो सका। विवाद इतना गहराता गया कि दोनों पक्षों के बीच कटुता बढ़ती रही और बुधवार रात यह संघर्ष में बदल गया।

 

रात 10 बजे हिंसा की चिंगारी

घटना रात करीब 10 बजे की है, जब दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद उभर आया। बातों-बातों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों — सुनील, रवि और सागर — ने अपने भाई गीताराम पर लाठी, सब्बल और तब्बल जैसे हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गीताराम को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

गर्भवती महिला सहित महिलाएं भी घायल

इस संघर्ष को रोकने और बीच-बचाव करने आई महिलाओं पर भी हमला किया गया। उनमें से एक महिला, जो गर्भवती है, की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य तीन घायलों को भी सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

गांव में तनाव, आरोपी हिरासत में

 

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों — सुनील, रवि और सागर — को हिरासत में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

पुलिस जांच जारी

सिरगिट्टी थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस विवाद को समय रहते क्यों नहीं सुलझाया जा सका और इसमें किन-किन की भूमिका रही।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed