The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Bilaspur Chhattisgarh : बिहान योजना से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी: सरिता और संतोषी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल..

Views: 1204
Spread the love
Read Time:3 Minute, 35 Second

बिहान योजना से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी: सरिता और संतोषी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल

बिलासपुर, 24 मई 2025। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बिहान योजना ने जिले की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की नई राह दिखाई है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अब अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं और दूसरों को भी रोजगार देने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।

कोटा ब्लॉक के ग्राम चपोरा की सरिता जायसवाल और ग्राम कर्रा की संतोषी ऐसी ही महिलाएं हैं, जिन्होंने बिहान योजना से सहायता लेकर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

सरिता जायसवाल: बर्तन-फर्नीचर की दुकान से आत्मनिर्भरता की ओर

ग्राम चपोरा की सरिता जायसवाल ने प्रज्ञा समूह से जुड़कर बिहान योजना का लाभ उठाया। समूह से आर्थिक सहायता प्राप्त कर उन्होंने बर्तन और फर्नीचर की दुकान शुरू की, जो अब उनके परिवार के लिए स्थायी आय का साधन बन गई है।

सरिता कहती हैं, “पहले घर चलाना भी मुश्किल था, लेकिन अब खुद की कमाई से बच्चों को अच्छी शिक्षा दे पा रही हूं।” उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है।

संतोषी: ईंट भट्ठा से बनीं ‘लखपति दीदी’

ग्राम कर्रा की श्रीमती संतोषी ने शारदा समूह से सहायता लेकर ईंट निर्माण इकाई शुरू की। शुरुआत में संसाधनों की कमी और तकनीकी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।

आज संतोषी की ईंट भट्ठा स्थानीय निर्माण कार्यों में प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन चुकी है और वह ‘लखपति दीदी’ के रूप में जानी जाती हैं। संतोषी कहती हैं कि इस सफलता के लिए आत्मविश्वास उन्हें बिहान योजना से मिला है और इसके लिए वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देती हैं, जिनके नेतृत्व में योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है।

बिहान योजना से सैकड़ों महिलाओं को मिला संबल

सरिता और संतोषी की सफलता ने गांव की अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया है। बिहान योजना के तहत सैकड़ों महिलाएं अब स्वरोजगार से जुड़ चुकी हैं। छोटे व्यवसायों के जरिए वे अपनी आर्थिक स्थिति को सशक्त बना रही हैं और अपने परिवार का सहारा बन रही हैं।

बिहान योजना ने न सिर्फ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है, बल्कि गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी योगदान दिया है।

रिपोर्ट: The YWN News

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed