The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

नशामुक्त भारत पखवाड़ा : रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस और नारकोटिक्स ब्यूरो ने निकाली जन-जागरूकता साइक्लोथॉन

Views: 359
Spread the love
Read Time:4 Minute, 6 Second

नशामुक्त भारत पखवाड़ा : रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस और नारकोटिक्स ब्यूरो ने निकाली जन-जागरूकता साइक्लोथॉन

रायपुर, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हर वर्ष 12 जून से 26 जून तक नशामुक्त भारत पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं सहित सभी नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना एवं उन्हें जागरूक बनाना है।

इसी कड़ी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर स्थित मैरीन ड्राइव, तेलीबांधा तालाब परिसर में जन-जागरूकता साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारकोटिक्स विंग के पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव थे। उनके साथ सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) श्री संजय शर्मा और नारकोटिक्स ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक श्री रविशंकर जोशी भी मौजूद थे।

साइक्लोथॉन कार्यक्रम में टीम Stay Fit With Me, मोक्सीहेल्थ और लीड एजेंसी रोड सेफ्टी छत्तीसगढ़ ने सहयोग किया। प्रारंभ में छत्तीसगढ़ राइडर्स क्लब, साई रायपुर के सदस्यों और सैकड़ों नागरिकों ने एरोबिक्स एवं जुम्बा सत्र में भाग लिया। इसके बाद साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाई गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तेलीबांधा परिसर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और स्वल्पाहार प्रदान किया गया।

ड्रग्स की डिमांड घटेगी तो सप्लाई भी रुकेगी: अजय यादव

उद्घाटन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक  अजय यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि हर वर्ष 26 जून को “नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस”  मनाया जाता है। यह दिन एक नशा मुक्त विश्व की दिशा में वैश्विक सहयोग और कार्रवाई को प्रोत्साहित करता है।

उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या एक बहुआयामी चुनौती है, जो लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करती है। छत्तीसगढ़ सहित देशभर में इस पर नियंत्रण हेतु निरंतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जागरूकता और जनसहयोग ही इस बुराई पर स्थायी रोक लगा सकते हैं।

“जब नशे की मांग घटेगी तो उसकी आपूर्ति भी रुक जाएगी। राज्य और केंद्र सरकार दोनों इस दिशा में सख्ती से काम कर रही हैं और नशे के अवैध व्यापार से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हर दिन की जा रही है। जनता के सहयोग से हम जल्द ही ‘नशामुक्त भारत’ के लक्ष्य को साकार करेंगे।” – श्री यादव ने कहा।

कार्यक्रम का समापन नशा उन्मूलन की शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी नागरिकों ने भाग लिया।

 

The YWN News | पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed