कबीरधाम में फर्जी पुलिस भर्ती का खुलासा, लाखों की ठगी करने वाला दलाल गिरफ्तार
कबीरधाम, 27 जून 2025: कबीरधाम पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी दलाल को गिरफ्तार कर एक बड़े जालसाजी मामले का पर्दाफाश किया है।
ग्राम शीतलपानी निवासी परदेशी टेकाम पिता प्रताप सिंह टेकाम खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को सहायक आरक्षक और एसआई पद पर भर्ती कराने का झांसा दे रहा था। आरोपी ने ग्राम घोठिया निवासी राम बघेल से तीन लाख तीन हजार छह सौ रुपये की ठगी की। इसमें से एक लाख तिरासी हजार छह सौ रुपये बैंक खातों के माध्यम से और शेष नगद राशि सिग्नल चौक स्थित एक लॉज के पास दी गई थी। इस लेन-देन की पुष्टि दो गवाहों द्वारा की गई है।
जब पीड़ित ने नियुक्ति या राशि वापसी की मांग की, तो आरोपी ने लगातार टालमटोल किया। अंततः पीड़ित ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने संभवतः अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि सरकारी नौकरी, ट्रांसफर या टेंडर दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को दें।







Average Rating
More Stories
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली