The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Bilaspur : धौराभाठा गांव में अनुसूचित जाति के मोची के साथ मारपीट व जातिगत गाली-गलौच, आरोपी पर अब तक नहीं हुई सख्त कार्रवाई

Views: 1098
Spread the love
Read Time:3 Minute, 32 Second

धौराभाठा गांव में अनुसूचित जाति के मोची के साथ मारपीट व जातिगत गाली-गलौच, आरोपी पर अब तक नहीं हुई सख्त कार्रवाई

बिलासपुर/छत्तीसगढ़: बिलासपुर ज़िले के हिर्री थाना अंतर्गत ग्राम धौराभाठा के निवासी विदेशी लहरे, जो कि अनुसूचित जाति वर्ग से ताल्लुक रखते हैं और परंपरागत रूप से मोची का कार्य करते हैं, उनके साथ एक बेहद अमानवीय घटना सामने आई है।

दिनांक 13 सितंबर 2025 को गांव के सड़क किनारे एक मवेशी की मृत्यु हो जाने के बाद जब वे सफाई का कार्य कर रहे थे, उसी दौरान आकांक्षा कौशिक पति ज्याला कौशिक एवं उनके अन्य सहयोगियों ने उन पर झूठा गौ हत्या का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी।

विदेशी लहरे ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं जैसे कि – “हरिजन”, “अधर्मी”, “नीच” आदि। इसके साथ ही चप्पल, लात-घूंसे से मारपीट की गई और कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

इतना ही नहीं, जब उन्होंने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही, तो जान से मारने की धमकी दी गई। उल्टा उनके ही खिलाफ गौ हत्या का झूठा मामला दर्ज कर जेल भिजवा दिया गया। वर्तमान में वह केंद्रीय जेल बिलासपुर से जमानत पर रिहा हुए हैं।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्हें पहले विल्हा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल बिलासपुर में भर्ती किया गया। पसलियों और छाती में आज भी दर्द बना हुआ है।

इस घटना की शिकायत उन्होंने 29 सितंबर 2025 को दुबारा लिखित रूप में उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) को दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने की भी मांग की है ताकि कोई साक्ष्य नष्ट न हो और आरोपियों को कड़ी सजा मिल सके।

गौरतलब है कि इससे पहले 15 मई 2025 को भी एफआईआर क्रमांक 198/25 के तहत आकांक्षा कौशिक व अन्य आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जातिगत गालीगलौच और वीडियो वायरल करने की एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई थीं। लेकिन कथित हिंदू संगठनों के दबाव के चलते पुलिस ने आरोपियों को मुचलका जमानत दे दी।

पीड़ित ने अब फिर से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

रिपोर्ट: The YWN News

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed