The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर में फहराया तिरंगा, कहा संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के रास्ते विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का संकल्प

Views: 1178
Spread the love
Read Time:5 Minute, 51 Second

संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के रास्ते विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

बिलासपुर, 26 जनवरी 2026। लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की सर्वोच्चता और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ 77वां गणतंत्र दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद सैनिकों एवं पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष पदक प्रदान करने की घोषणा की।

संविधान हमारी लोकतांत्रिक आस्था की नींव

प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों का मजबूत आधार है। छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा, विकास और समृद्धि के लिए राज्य सरकार पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने अपने संदेश में राज्य की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नक्सल उन्मूलन की दिशा में प्रगति, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास की विस्तृत जानकारी दी।

संविधान निर्माता और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान सामाजिक समरसता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रतीक है।

उन्होंने बाबा गुरु घासीदास के “मनखे-मनखे एक समान” संदेश को संविधान की आत्मा बताया।

रजत जयंती वर्ष और विधानसभा भवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने हाल ही में राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाई है। 25 वर्षों में राज्य ने विकास की सशक्त यात्रा तय की है। नवनिर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से हुआ, जो छत्तीसगढ़ी अस्मिता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

नक्सल उन्मूलन अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवादी हिंसा लोकतंत्र के लिए बड़ी चुनौती रही है, लेकिन निर्णायक रणनीति और जवानों के साहस से अब यह अंतिम चरण में है। मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य पूरा होने की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

किसान, महिला और गरीब कल्याण

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के किसानों को देश में धान का सर्वाधिक मूल्य मिल रहा है। धान खरीदी 149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्थानीय भाषाओं में शिक्षा, स्मार्ट क्लास और डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। नई औद्योगिक नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न विभागों की झांकियों ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

विकसित छत्तीसगढ़ का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कवि लक्ष्मण मस्तूरिया की पंक्तियों के माध्यम से जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed