Arun Sao–Nitin Gadkari Meeting: रायपुर-बिलासपुर 6-लेन, समृद्धि मार्ग विस्तार और नए NH पर हुई अहम चर्चा
रायपुर | 28 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य में प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति देने का आग्रह किया।
बिलासपुर बायपास और रायपुर-बिलासपुर 6-लेन मार्ग पर जोर
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उच्च न्यायालय बोदरी से सेंदरी तक लगभग 32 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
यह बायपास न केवल बिलासपुर शहर के भीतर यातायात दबाव कम करेगा, बल्कि प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर और लॉजिस्टिक पार्क को रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
भारत माला परियोजना के तहत आरंग–दर्री 6-लेन मार्ग
श्री साव ने भारत माला परियोजना के अंतर्गत रायपुर (आरंग) से बिलासपुर (दर्री) तक लगभग 95 किलोमीटर लंबे 6-लेन एक्सेस कंट्रोल मार्ग की स्वीकृति का भी आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से रायपुर से बिलासपुर की दूरी मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी। साथ ही राज्य की तीनों भारतमाला परियोजनाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे समय, धन और ऊर्जा की बड़ी बचत होगी।
समृद्धि मार्ग का विस्तार रायपुर तक
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मुंबई–नागपुर समृद्धि मार्ग को ग्रीनफील्ड सड़क के रूप में रायपुर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के उत्तर में कोयला खदानें और दक्षिण में लौह अयस्क खदानें होने के कारण यह मार्ग राज्य की औद्योगिक रीढ़ साबित होगा।
रायपुर–नागपुर–मुंबई 8-लेन एक्सेस कंट्रोल कनेक्टिविटी से स्टील, सीमेंट और खनिज परिवहन को नई गति मिलेगी।
13 राष्ट्रीय राजमार्गों के उन्नयन और 8 नए NH की मांग
श्री साव ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से राज्य के 13 राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के उन्नयन हेतु राशि स्वीकृत करने तथा 8 महत्वपूर्ण सड़कों को नवीन राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क से प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक उन्नति को मजबूती मिलेगी।







Average Rating
More Stories
Bilaspur : बेलतरा की बदहाल सड़कों पर अंकित गौरहा का सवाल—कैबिनेट ने डामर पर दी राहत, नगर निगम की सड़कों का समाधान कब?
बिलासपुर: रसूखदार कबाड़ कारोबारी मारपीट मामले में गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार!
बिलासपुर: गनियारी में स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने का आरोप, शासकीय भूमि के मामले में कलेक्टर से शिकायत..अब प्रशासन की कार्रवाई पर नजर