तक्षशिला स्कूल में सीता स्वयंवर की गूंज और नशा मुक्ति का संदेश, वार्षिक उत्सव में होनहार विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
जोंधरा। तक्षशिला उच्च माध्यमिक विद्यालय जोंधरा में वार्षिक उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सूर्या एवं जिला पंचायत सदस्य राधा खिलावन पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया और दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।
नाटकों ने बांधा समां, नशा मुक्ति का दिया सशक्त संदेश
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा मंचित किया गया सीता स्वयंवर नाटक रहा। रामायण के इस प्रसंग को विद्यार्थियों ने इतनी जीवंतता से प्रस्तुत किया कि उपस्थित ग्रामीण और अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए।
इसके साथ ही नशा मुक्ति पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। बच्चों ने बताया कि किस तरह नशा हंसते-खेलते परिवारों को बर्बादी की ओर ले जाता है और समाज को इससे दूर रहना चाहिए।
शिक्षा ही तरक्की की असली चाबी: चंद्र प्रकाश सूर्या
समारोह को संबोधित करते हुए चंद्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और देश के विकास का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
वहीं जिला पंचायत सदस्य राधा खिलावन पटेल ने कहा कि यदि छात्र मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तो सफलता उन्हें जरूर मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य पुनेश कुमार पटेल ने की और सभी अतिथियों का स्वागत किया।
सम्मान पाकर खिल उठे होनहारों के चेहरे
सम्मान समारोह के दौरान जब मंच से 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो प्रदान किए गए तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार हरीश पटेल, कामता पटेल, अमित कुमार, किशन, उदय और सूर्यकांत जैसे विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम रोशन किया।
इसके अलावा आकाश मरकाम, साहिल केवर्त, देव पटेल, अनुराग तथा छात्राओं में नीतीशा, चंचल, चांदनी और गीतांजलि को भी उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए विशेष रूप से सराहा गया।
ग्रामीणों की रही भारी भीड़
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरन सिंह ठाकुर, रोहित कुमार पटेल और यादराम मरावी का विशेष योगदान रहा। समारोह में जोंधरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
स्थानीय प्रतिनिधि लोकनाथ बंजारे और उत्तरा रात्रे ने भी बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









Average Rating
More Stories
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली
बिलासपुर (Bilaspur): शराब पीने के लिए पैसे मांगे, नहीं देने पर मारपीट और चाकूनुमा हथियार से हमला; आरोपी गिरफ्तार