बिलासपुर में अवैध रेत और मुरूम खनन का खुला खेल, खनिज विभाग पर संरक्षण के गंभीर आरोप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मुरूम एवं रेत के अवैध खनन और परिवहन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 घुटकु–गनियारी में खुलेआम चल रहे अवैध खनन को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल कल्याण स्थायी समिति की सभापति भारती नीरज माली ने खनिज विभाग पर सीधा संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
जिला खनिज अधिकारी, बिलासपुर को सौंपे गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि भरनी, पेंडारी, गनियारी और नेवरा सहित कई गांवों में पोकलेन और जेसीबी मशीनों के माध्यम से नियमों को ताक पर रखकर मुरूम का अवैध खनन किया जा रहा है। इस अवैध गतिविधि के कारण क्षेत्र में जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम नागरिकों और ग्रामीणों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ खदानें यदि वैध रूप से संचालित भी हैं, तो वहां निर्धारित मात्रा से कहीं अधिक खनन किया जा चुका है। इसके साथ ही स्वीकृत क्षेत्र से बाहर भी दिन-रात अवैध उत्खनन जारी है, जबकि नियमों के अनुसार मशीनों से खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इसी तरह लोखण्डी, तुर्काडीह, निरतु, घुटकु, लमेर और खरगहना (लारीपारा) क्षेत्रों में रेत का अवैध खनन और परिवहन भी बेखौफ तरीके से किया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खनिज विभाग द्वारा शिकायत मिलने पर केवल दिखावटी कार्रवाई की जाती है और कभी-कभार कुछ वाहनों पर कार्रवाई कर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है।
भारती नीरज माली ने इस गंभीर मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खनिज मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला कलेक्टर बिलासपुर को भी भेजते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि अवैध खनन पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो इसका गंभीर प्रभाव पर्यावरण, सड़क सुरक्षा और ग्रामीण जीवन पर पड़ेगा।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन और खनिज विभाग इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करेगा, या फिर अवैध खनन माफियाओं का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
— The YUVA WORLD News







Average Rating
More Stories
Ambikapur News: कांग्रेस में जाने के 10 दिन बाद नूर हसन अली की AAP में वापसी, 150 से अधिक कार्यकर्ता भी लौटे
Bilaspur News: नगर निगम सामान्य सभा से पहले BJP पार्षद दल की बैठक, अमर अग्रवाल ने दिए ये निर्देश
Breaking News : टेंडर खुलने से पहले ही काम पूरा! लोरमी विद्युत विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल..कागजों में 22 सितंबर को खुलेगी निविदा, जमीन पर पहले ही खड़े हो गए खंभे और ट्रांसफार्मर..उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के क्षेत्र का मामला