The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

Bilaspur : नाली निर्माण में मनमानी पर नगर निगम सख्त, ठेकेदार को तत्काल काम बंद करने का नोटिस

Views: 279
Spread the love
Read Time:3 Minute, 36 Second


नाली निर्माण में मनमानी पर नगर निगम सख्त, ठेकेदार को तत्काल काम बंद करने का नोटिस

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर जोन क्रमांक 02 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 11 में कराए जा रहे आरसीसी नाली निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। बनाक चौक से गोविंद नगर गेट तक चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर संबंधित ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से कार्य बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।

जोन कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि शासन द्वारा नगरोत्थान मद के अंतर्गत स्वीकृत उक्त आरसीसी नाली निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन एवं मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता स्तर से काफी नीचे है, जो गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है।

उप अभियंता के निर्देशों की अनदेखी

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि उप अभियंता द्वारा ठेकेदार को कई बार मौखिक रूप से गुणवत्ता युक्त एवं डिजाइन के अनुरूप नाली निर्माण करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा मानक अनुरूप कार्य नहीं किया गया। नगर निगम ने इसे स्पष्ट रूप से मनमानी और नियमों की अवहेलना माना है।

तत्काल कार्य बंद करने के निर्देश

नगर निगम जोन क्रमांक 02 द्वारा ठेकेदार मेसर्स मां भगवती कंस्ट्रक्शन एवं जे.व्ही. पीएमसीसी को निर्देशित किया गया है कि वह तत्काल प्रभाव से कार्य बंद कर पुनः मानक अनुरूप निर्माण कार्य प्रारंभ करें। यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।

मीडिया रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई

दरअसल, कुछ दिन पूर्व मीडिया में नाली निर्माण में घोर अनियमितता को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद जोन अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान भी ठेकेदार द्वारा कार्य में सुधार नहीं किया गया, जिसके बाद जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने सख्त कदम उठाते हुए लिखित नोटिस जारी किया।

यह नोटिस 29 जनवरी 2026 को जारी किया गया है, जिसकी प्रति आयुक्त, नगर पालिक निगम बिलासपुर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।


मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed