The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: भखारा, लवन, सकरी और राजकिशोर नगर में खुलेंगे उप पंजीयक कार्यालय, जनता को बड़ी राहत

Views: 911
Spread the love
Read Time:3 Minute, 15 Second

रायपुर | 05 फरवरी 2026

प्रदेश में आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं सहज, सुलभ और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है। रजिस्ट्रीकरण अधिनियम–1908 के तहत प्रदेश में चार नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के भखारा, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन (तहसील मुख्यालय) तथा बिलासपुर जिले के सकरी और राजकिशोर नगर में नवीन उप पंजीयक कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।

इन कार्यालयों के खुलने से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को अब रजिस्ट्री कार्य के लिए दूर-दराज के जिला मुख्यालयों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, भीड़ में कमी आएगी तथा पंजीयन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की सेवाएं आम नागरिकों तक उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध हों। नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्वीकृति से लोगों को पंजीयन संबंधी कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी और यह निर्णय सुशासन की दिशा में एक सशक्त कदम है।

वहीं वित्त एवं वाणिज्य कर पंजीयन मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। चार नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्वीकृति इसी सोच का परिणाम है, जिससे पंजीयन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि पंजीयन विभाग द्वारा 10 नए क्रांतिकारी सुधार लागू किए गए हैं, जिनका लाभ इन क्षेत्रों के नागरिकों को भी मिलेगा। इनमें ऑटो डीड जनरेशन, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, घर बैठे रजिस्ट्री, स्वतः नामांतरण, ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाणपत्र, एकीकृत कैशलेस भुगतान, व्हाट्सएप आधारित सेवाएं, डिजीलॉकर एकीकरण, डिजी-डॉक सेवा और खसरा नंबर के माध्यम से ऑनलाइन सर्च एवं रजिस्ट्री डाउनलोड की सुविधा शामिल है।

राज्य सरकार का यह निर्णय पंजीयन व्यवस्था को अधिक विकेंद्रीकृत, प्रभावी और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed