बलौदाबाजार में दाल मिल पर बड़ी कार्रवाई: 316 बोरी उड़द दाल व रंग जब्त

बलौदाबाजार, 18 फरवरी 2026 | The YUVA WORLD News

कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भाटापारा स्थित दाल मिल में बड़ी कार्रवाई करते हुए 316 बोरी उड़द दाल और काला रंग जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में मंगलवार को टीम ने अन्नपूर्णा ट्रेडर्स (दाल मिल), सुहेला रोड, खोखली परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ड्रम में काला रंग पाया गया, जिसका उपयोग उड़द दाल को गहरा रंग देने के लिए किए जाने की आशंका है।

रंग मिलावट की शंका के आधार पर 316 बोरी उड़द दाल को जब्त कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग की अहम भूमिका रही, वहीं भाटापारा पुलिस का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

👉 The YUVA WORLD News आपके लिए लाता है सटीक, तेज और भरोसेमंद खबरें। जुड़े रहें हमारे साथ।