रामनवमी पर आस्था की महायात्रा: 25 मार्च को 1008 रामभक्तों का भव्य जत्था अयोध्या रवाना, पंजीयन 1 मार्च से
बिलासपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या से बिलासपुर का आध्यात्मिक संबंध एक बार फिर प्रगाढ़ होने जा रहा है। रामनवमी के पावन अवसर पर 25 मार्च को 1008 रामभक्तों का भव्य जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। इस पावन यात्रा का आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
समाजसेवी एवं यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने ईदगाह चौक स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अब तक आयोजित दो यात्राओं के माध्यम से 2016 श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष भी 1008 श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या यात्रा कराई जाएगी।
1 मार्च से शुरू होगा पंजीयन, सीमित सीटें
यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से प्रारंभ होगी। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पुलिस मैदान स्थित केंद्र पर पंजीयन किया जाएगा। सीटें सीमित होने के कारण पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर नाम दर्ज किए जाएंगे।
- आयु सीमा: 18 से 65 वर्ष
- स्वस्थ होना अनिवार्य
- एक परिवार से अधिकतम 2 सदस्य
- 2 पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति अनिवार्य
- पिछले वर्ष वेटिंग सूची में रहे श्रद्धालुओं को प्राथमिकता
25 बसें और 10 कारें होंगी रवाना
25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से यात्रा का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर 25 बसें और 10 कारें अयोध्या के लिए रवाना की जाएंगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, सुरक्षा एवं ठहराव की पूरी व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है। सभी यात्रियों को निर्धारित वाहनों से ही यात्रा करनी होगी तथा अनुशासन का पालन अनिवार्य रहेगा।
आस्था, संस्कृति और परंपरा का संगम
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिलासपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को अयोध्या से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। वर्षों से रामनवमी, रामायण मंडलियों एवं भक्ति आयोजनों की समृद्ध परंपरा इस यात्रा से नई ऊर्जा प्राप्त कर रही है।
प्रेस वार्ता में यात्रा कार्यक्रम सहयोगी प्रफुल शर्मा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, रिंकू मित्रा एवं राजीव अग्रवाल भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से समय पर पंजीयन कराकर इस पुण्य यात्रा का लाभ उठाने की अपील की है।
— रिपोर्ट: The YUVA WORLD News








Average Rating
More Stories
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली