The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

सत्ता से जुड़े नाम, अपराध की गूंज — बेलतरा में बढ़ता सियासी दबाव, भाजपा मंडल अध्यक्ष का नाम करोड़ों की ज्वेलरी लूट और सुपारी किलिंग की साजिश में , कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने बेलतरा विधायक शुक्ला से मांगा जवाब

Views: 905
Spread the love
Read Time:4 Minute, 57 Second

सत्ता से जुड़े नाम, अपराध की गूंज — बेलतरा में बढ़ता सियासी दबाव

बिलासपुर | The YUVA WORLD News: बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति इन दिनों जबरदस्त भूचाल से गुजर रही है। विकास के नाम पर जनता ने जिस नेतृत्व को चुना था, आज उसी क्षेत्र की पहचान गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़ते जा रहे नामों के कारण दागदार होती नजर आ रही है।

भारतीय जनता पार्टी के बेलतरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजू सोनकर का नाम करोड़ों की ज्वेलरी लूट और कथित सुपारी किलिंग की साजिश में सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। राजू सोनकर को बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला का करीबी बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की सुपारी किलिंग का खुलासा

राजकिशोर नगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर हुए प्राणघातक हमले और लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस को बेहद चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। बिलासपुर पुलिस ने पत्रकारों को बताया कि गिरोह सिर्फ लूट ही नहीं, बल्कि शहर के चर्चित सब्जी कारोबारी एवं भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी लेने की साजिश में भी शामिल था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 25 लाख रुपये में सुपारी लेने की बात कबूल की है, जिसमें 6 लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए गए थे।

अपराध पर चुप्पी क्यों? विधायक जवाब दें — अंकित गौरहा

इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा —

“जब सत्ताधारी पार्टी के मंडल अध्यक्ष का नाम हत्या की सुपारी और लूट जैसे संगीन अपराधों में सामने आता है, तो चुप्पी क्यों? विधायक जवाब क्यों नहीं देते? बेलतरा विधानसभा में हालात बेहद गंभीर हैं। व्यापारी भयभीत हैं, जनता असमंजस में है। यह मामला पूरी राजनीतिक संस्कृति पर सवाल खड़ा करता है।”

अंकित गौरहा ने आगे कहा कि मंडल अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति किसने की, और क्या इस पूरे नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था — यह भी जांच का विषय होना चाहिए।

पुलिस कार्रवाई: अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में नगदी, हथियार और तीन कारें बरामद की गई हैं।

  • ₹5.33 लाख नकद
  • देशी कट्टा व जिंदा कारतूस
  • 6 धारदार चाकू
  • 6 मोबाइल फोन
  • 3 कारें — स्कॉर्पियो, क्विड, इको

पूरे नेटवर्क की परतें खुलीं

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लूट, हत्या, सुपारी किलिंग और सुनियोजित डकैती की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में था। कई मामलों में पहले भी रेकी की जा चुकी थी और त्योहारों के समय ज्वेलर्स की दुकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी।

राजनीति पर भारी पड़ा अपराध का साया

राजू सोनकर का नाम सामने आने के बाद बेलतरा की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या राजनीतिक संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हुए? और क्या सत्ता से जुड़े लोग इस पूरे नेटवर्क को बचाने का प्रयास कर रहे थे?

अब निगाहें प्रशासन और राजनीतिक नेतृत्व पर टिकी हैं कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

The YUVA WORLD News इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed