The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

World Kidney Day 2026: 10 में से 1 भारतीय किडनी बीमारी से प्रभावित, बिलासपुर अपोलो हॉस्पिटल ने चलाया जागरूकता अभियान…

Views: 4614
Spread the love
Read Time:5 Minute, 19 Second

World Kidney Day 2026: 10 में से 1 भारतीय किडनी की बीमारी से प्रभावित, बिलासपुर में अपोलो हॉस्पिटल का जागरूकता कार्यक्रम

बिलासपुर। वर्ल्ड किडनी डे 2026 के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को किडनी की बीमारियों, उनके कारणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. जिग्नेश पंड्या और डॉ. विनय कुमार ने किडनी के महत्व और उसकी देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि भारत में हर 10 में से 1 व्यक्ति किडनी से जुड़ी किसी न किसी बीमारी से प्रभावित है, जो एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही है।

किडनी शरीर का महत्वपूर्ण अंग

डॉ. जिग्नेश पंड्या ने बताया कि किडनी शरीर से टॉक्सिन पदार्थ, यूरिया और क्रिएटिनिन को बाहर निकालकर रक्त को साफ रखने का काम करती है। इसके साथ ही यह शरीर में पोटैशियम और सोडियम का संतुलन बनाए रखती है और अतिरिक्त पानी को पेशाब के रूप में बाहर निकालती है।

यदि किडनी इन कार्यों को सही ढंग से करने में असमर्थ हो जाती है तो किडनी रोग की स्थिति बन सकती है। इसलिए किडनी को स्वस्थ रखना बेहद जरूरी है।

World Kidney Day 2026 की थीम

डॉ. पंड्या ने बताया कि हर साल वर्ल्ड किडनी डे पर एक विशेष थीम रखी जाती है। वर्ष 2026 की थीम “Kidney Health for All: Caring for People, Protecting the Planet” रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

किडनी को हेल्दी रखने के लिए जरूरी टिप्स

  • दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, कम से कम 3 लीटर पानी लेना किडनी के लिए फायदेमंद है।
  • ब्लड प्रेशर हाई रहने पर नमक का सेवन कम करें।
  • फास्ट फूड, प्रोसेस्ड फूड और तली-भुनी चीजों का सेवन सीमित मात्रा में करें।
  • डायबिटीज के मरीज नियमित रूप से ब्लड शुगर लेवल चेक कराएं।
  • स्मोकिंग और शराब का सेवन कम या बंद करें।

नियमित एक्सरसाइज भी जरूरी

डॉ. विनय कुमार ने बताया कि यदि आप किडनी के साथ-साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखना चाहते हैं तो रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज जरूर करें। नियमित वॉक, योग और साइकिलिंग से शरीर का वजन नियंत्रित रहता है और ब्लड प्रेशर भी सामान्य रहता है, जिससे किडनी स्वस्थ रहती है।

समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना जरूरी

डॉक्टरों ने सलाह दी कि हर व्यक्ति को 6 महीने से 1 साल के बीच अपना रूटीन हेल्थ चेकअप जरूर कराना चाहिए। यदि पेट या कमर में दर्द, पेशाब में जलन या अन्य परेशानी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

नियमित रूप से बीपी, किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT) और ब्लड शुगर की जांच कराते रहने से किडनी की स्थिति का पता चलता है।

क्विज प्रतियोगिता और सम्मान समारोह

कार्यक्रम के दौरान किडनी स्वास्थ्य से संबंधित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय राठौर समाज की अध्यक्ष षष्ठी राठौर, पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेंगनी, क्रेडाई के अध्यक्ष सुशील पटेरिया, सिंधु चेतना युवा अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी, हैंड्स ग्रुप के अभिषेक विधानी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अपोलो हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनिल कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed