The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के 2 साल बेमिसाल, 28 जून को बिलासपुर में होगा 5000 व्यापारियों का महासम्मेलन..बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस

Views: 27080
Spread the love
Read Time:7 Minute, 45 Second

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से ‘ऑपरेशन गोल्ड’ तक: छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के 2 साल बेमिसाल, 28 जून को बिलासपुर में होगा भव्य महासम्मेलन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफल और ऐतिहासिक दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। संगठन ने इस दौरान सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन विस्तार, सुरक्षा, जागरूकता, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब संगठन तीसरे वर्ष में नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है।

शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सराफा जन-संवाद अभियान, संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड और बीआईएस जागरूकता अभियान जैसी प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

28 जून को बिलासपुर में होगा प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की तृतीय आमसभा एवं प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन 28 जून 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से रामदेव लॉन, 36 मॉल के पास, मंगला बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 5,000 सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।

इससे पहले संगठन की आमसभाएं जगदलपुर और जांजगीर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी हैं। इस बार न्यायधानी बिलासपुर को इस भव्य आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।

125 से अधिक इकाइयों तक पहुंचा संगठन

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की लगभग 60 सक्रिय इकाइयां थीं। संगठन विस्तार अभियान के परिणामस्वरूप जून 2024 तक यह संख्या 91 से अधिक हो गई और वर्तमान में प्रदेशभर में 125 से अधिक इकाइयां संगठन से जुड़ चुकी हैं।

संगठन का लक्ष्य प्रदेशभर में 251 इकाइयों का गठन कर प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक मजबूत मंच से जोड़ना है।

ऑपरेशन गोल्ड बना पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल

बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन गोल्ड’ सराफा व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय का प्रतीक बनकर उभरा। सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती की घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

इस उपलब्धि के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का सराफा एसोसिएशन ने सम्मान कर आभार व्यक्त किया।

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को लेकर बड़ी प्रगति

संगठन की दो वर्षीय उपलब्धियों में रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति शामिल है। संगठन का मानना है कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को नई पहचान और नई ऊंचाई प्रदान करेगी।

प्रस्तावित पार्क में आधुनिक कार्यालय, सामुदायिक भवन और व्यापारिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे प्रदेश के आभूषण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

बीआईएस हॉलमार्क और ग्राहक जागरूकता अभियान

संगठन ने पिछले दो वर्षों में ग्राहक जागरूकता अभियान, बीआईएस हॉलमार्क कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाओं और सराफा जन-संवाद अभियान के माध्यम से व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विश्वास बढ़ाने का कार्य किया है।

कमल सोनी ने ग्राहकों से केवल बीआईएस हॉलमार्क युक्त आभूषण खरीदने और स्थानीय विश्वसनीय सराफा व्यापारियों पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।

महासम्मेलन में उठेगा BNS धारा 317 का मुद्दा

28 जून को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस धारा के कारण सराफा व्यापारियों को कई व्यावहारिक और कानूनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

महासम्मेलन में शासन से सरल, स्पष्ट और व्यावहारिक नियम बनाए जाने की मांग की जाएगी।

भविष्य की दिशा और लक्ष्य

संगठन का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों की रक्षा, आधुनिक सुविधाओं का विकास, स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना और प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी को एक प्रभावशाली मंच उपलब्ध कराना भी है।

कमल सोनी ने कहा: “हमारे दो वर्ष उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे हैं। संगठन ने व्यापारियों को नई पहचान और मजबूती दी है। अब हमारा लक्ष्य 251 इकाइयों का गठन, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना, व्यापारियों की सुरक्षा को और मजबूत करना तथा बीएनएस की धारा 317 का सरलीकरण सुनिश्चित करना है।”

महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में

प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और विभिन्न सराफा संगठन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। बिलासपुर, तखतपुर, सीपत, मरवाही, बेलतरा, चकरभाठा, करगी रोड-कोटा, बिल्हा-सरगांव और रतनपुर सराफा एसोसिएशन आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

The YUVA WORLD News

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed