CG News: अंबिकापुर की बदहाल सड़क का Viral Video देख CM साय ने लिया संज्ञान, कलेक्टर को तत्काल सुधार के निर्देश
रायपुर/अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वायरल वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
वायरल वीडियो पर CM साय ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया। उन्होंने कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर मौके की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
गड्ढे भरने और जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर मौजूद बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सभी कलेक्टरों को खुद मौके पर जाने के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
ऐसे स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून में सड़कें चलने योग्य रखने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं या बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित जरूरी अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी उपाय किए जाने चाहिए।
किसी भी एजेंसी की सड़क हो, समस्या का समाधान जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा।
कलेक्टरों को अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के बाद सड़क निर्माण कार्यों में लाई जाएगी तेजी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
The YUVA WORLD News
स्रोत: मुख्यमंत्री कार्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 14 सितंबर 2026।






Average Rating
More Stories
बिलासपुर में फर्जी वसीयतनामा से करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप, मस्तूरी थाने में FIR; एक आरोपी को हिरासत में लेकर छोड़ने की चर्चा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल ?
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!