The YUVA WORLD News

The YUVA WORLD News

न्यायाधीशों का पहनावा विश्वास का प्रतीक : मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा

Views: 532
Spread the love
Read Time:3 Minute, 44 Second

न्यायाधीशों का पहनावा विश्वास का प्रतीक : मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा

Bilaspur, Chhattisgarh | September 27, 2025

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने कहा कि न्यायाधीशों का पहनावा केवल एक परिधान नहीं है, बल्कि यह समाज द्वारा उन पर जताए गए विश्वास और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे न्यायाधीश की पहचान संवेदनशीलता और दृढ़ता के संतुलन से होती है। युवा न्यायाधीशों को विनम्रता एवं करुणा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

वे शनिवार को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित नव नियुक्त सिविल जज (कनिष्ठ वर्ग) के प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। यह प्रशिक्षण 30 जून 2025 से प्रारंभ हुआ था और 26 सितंबर 2025 को संपन्न हुआ।

मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक कार्यप्रणाली में निष्ठा, संवेदनशीलता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि पक्षकारों की न्यायपालिका के प्रति धारणा, न्यायालय में न्यायाधीशों के आचरण से निर्मित होती है, इसलिए शिष्टाचार, समयनिष्ठा और करुणा न्यायिक चरित्र का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश अपने पूरे कार्यकाल में विधि के विद्यार्थी बने रहें क्योंकि विधि निरंतर परिवर्तनशील है।

उन्होंने यह भी कहा कि विनम्रता, नैतिकता और निष्पक्षता न्यायाधीशों का आधार होना चाहिए और संविधान के प्रति समर्पण उन्हें निरंतर प्रेरित करता रहना चाहिए।

गौरतलब है कि तीन माह के इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नव नियुक्त सिविल जजों को आधारभूत ज्ञान, व्यावहारिक कौशल एवं न्यायिक दृष्टिकोण से सुसज्जित करना था। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में वैधानिक एवं प्रक्रम संबंधी विधियों, न्यायालयों में तकनीक का उपयोग, नैतिकता तथा समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता जैसे विषयों को शामिल किया गया। साथ ही, प्रभावी न्यायालय प्रबंधन एवं वैकल्पिक विवाद निवारण तंत्रों पर भी विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रजनी दुबे, प्रभारी रजिस्ट्रार जनरल, अकादमी के निदेशक, अतिरिक्त निदेशक समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।


Tags: न्यायपालिका, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, सिविल जज प्रशिक्षण, मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा, बिलासपुर समाचार

मनमोहन पात्रे संपादक The YUVA WORLD News

2017 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत, दैनिक अखबार, सेटेलाइट न्यूज़ चैनल, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका में कार्य करने का अनुभव B. Sc. Mathematics व पत्रकारिता में BJMC कि डिग्री। पूर्व बिलासपुर जिला सचिव : Chhattisgarh Journalist Union Journalist Manmohan Patre Chhattisgarh

You may have missed