सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस ने हथियार और बुलेट की जप्ती की
बिलासपुर (छ.ग.), 12 अक्टूबर 2025। बिलासपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर रील बनाकर हथियार लहराने, लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले आरोपियों लुट्टू पांडेय, शिवम मिश्रा, लक्की यादव, शैलेश चौबे और शंभू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक एयर गन, एक चाकू, एक बेसबॉल स्टिक और लुट्टू पांडेय की बुलेट बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी सोशल मीडिया पर बार-बार ऐसे वीडियो पोस्ट कर रहे थे, जिनमें वे हथियार दिखाकर आम लोगों के बीच भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे।
मकसद था – अपना अपराधी गैंग सक्रिय दिखाना और सोशल मीडिया पर दबदबा कायम करना।
पुलिस ने ऐसे ट्रैक किया गिरोह को
पुलिस टीम इन बदमाशों पर लगातार नजर रखे हुए थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में लोकेशन बदलते रहे। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर बनारस से ट्रैक कर रतनपुर के पास घेराबंदी कर इन सभी को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मामले
इन बदमाशों पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं:
- अप.क्र. 1100/2025 धारा 296, 331, 324(4), 351(2), 191(2) बीएनएस
- अप.क्र. 1199/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 49, 111 बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट
- अप.क्र. 1227/2025 धारा 21, 22, 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट
इन प्रकरणों में घर में घुसकर हमला, चाकू से चोट पहुंचाना, नशे का कारोबार चलाना और गैंग बनाकर दहशत फैलाना जैसे अपराध शामिल हैं।
अब होगी संपत्ति जब्ती की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर संगठित अपराध की धारा जोड़ी जा रही है और उनके गिरोह से जुड़ी अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर जप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। गैंग के अन्य सदस्यों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
“सोशल मीडिया पर हथियार लहराना, धमकी देना और डॉन बनने की कोशिश करना अपराध है। ऐसे लोगों की जगह समाज में नहीं, सलाखों के पीछे है।” – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी दिखाने की चाह रखने वाले लोग अपने जीवन को बर्बाद कर लेंगे। बेहतर है कि वे मेहनत कर अपने परिवार और समाज के लिए उपयोगी बनें, अन्यथा जेल ही उनका भविष्य है।
The YWN News इस मामले से संबंधित आगे की कार्रवाई और अपडेट लगातार प्रकाशित करता रहेगा।






Average Rating
More Stories
Singapore News: अचानक बंद हुआ True Fitness जिम, अभिनेत्री Chen Xiuhuan बोलीं- ‘दिल टूट गया’
CG News: केशकाल में लगी देवी-देवताओं की अदालत, भंगाराम माई के दरबार में 35 को सजा!
छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत! PM Awas Yojana Urban की कट-ऑफ डेट बदली